वाराणसी में किसानों के देशव्यापी बंदी के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों ने किया प्रदर्शन
देश भर में किसानों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से भी शुक्रवार को विभिन्न जगहों पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जहां हथुआ मार्केट से जुलूस निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए।
वाराणसी, जेएनएन। देश भर में किसानों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से भी शुक्रवार को विभिन्न जगहों पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जहां हथुआ मार्केट से जुलूस निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए जबकि बीएचयू गेट पर समाजवादी पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से धरना प्रदर्शन पर रोक की वजह से कई जगहों पर पुलिसकर्मियों संग कार्यकर्ताओं की बहस भी हुई तो तनाव का माहौल भी हुआ।
शुक्रवार को हथुआ मार्केट से जुलूस निकाल रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका और वापस लौटने के लिए कहा तो कार्यकर्ता धरने पर बैठ कर नारेबाजी करने लगे। धरना प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई तो पुलिस कर्मियों ने मार्ग जाम खत्म कराने का प्रयास किया। पार्टी पदाधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के विरोध में इस दौरान जमकर नारेबाजी की तो हाथों में पोस्टर बैनर लेकर सड़क पर भी उतरे।
नई कृषि नीति के विरोध में शुक्रवार को जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने भारत बंद के आह्वान पर चेतगंज स्थित हथुआ मार्केट की दुकानों को बंद करवा रहे थे। तभी जिला प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की तो वह हथुआ मार्केट गेट पर धरने पर बैठ गए। महानगर और जिला अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कहा कि हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि नए कृषि कानून में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं प्राप्त हो जाता। जब तक किसानों को उनका हक सरकार वापस नहीं करेगी तब तक पार्टी किसानों के लिए सड़कों पर उतरती रहेगी। इस दौरान मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सेठ, कुंवर विश्वनाथ, मनीष चौबे, मयंक चौबे मौजूद रहे।
किसान विरोधी नीतियों के विरोध में सपा ने सौंपा ज्ञापन
किसान और श्रमिक विधेयक को जनविरोधी करार देते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल दोपहर में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। इसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। जिलाधिकारी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। अंतत: सिटी मजिस्ट्रेट ने ज्ञापन लिया और समद अंसारी पूर्व विधायक, सुजीत यादव, विष्णु शर्मा, मनोज यादव गोलू, सुनील सोनकर, राहुल श्रीवास्तव, राजेश यादव नत्थू, राहुल सोनकर, राजू यादव, आशुतोष सिन्हा, प्रदीप जयसवाल, संजय मिश्रा, डॉ उमाशंकर यादव आदि मौजूद थे।
बीएचयू से जिला मुख्यालय तक पदयात्रा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर 12 बजे से बीएचयू से लेकर जिला मुख्यालय तक पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वे किसान विरोधी सरकार के खिलाफ व किसान हितों के समर्थन में जिला अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।