Smart City परियोजनाओं की पूर्णता में वाराणसी प्रथम, भारत सरकार ने 100 शहरों की जारी की रैंकिंग
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की पूर्णता व प्रगति दर के आधार पर आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय सरकार ने 100 शहरों के लिए अखिल भारतीय रैकिंग जारी की गई है। स्मार्ट सिटी तहत किए गए कार्याें के प्रदर्शन पर वाराणसी स्मार्ट सिटी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
वाराणसी, जेएनएन। स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की पूर्णता व प्रगति दर के आधार पर आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 100 शहरों के लिए अखिल भारतीय रैकिंग जारी की गई है। देश के विभिन्न स्मार्ट सिटी को उनके द्वारा पूर्ण कराई गई परियोजनाओं एवं प्रगतिशील परियोजनाओं के आधार पर ऑल इंडिया स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रैंक प्रदान किया जाता है। इसके दृष्टिगत स्मार्ट सिटी तहत किए गए कार्याें के प्रदर्शन के आधार पर वाराणसी स्मार्ट सिटी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
वाराणसी स्मार्ट सिटी की रैंकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर जनवरी 2020 में 13वें स्थान था। वहीं, अगस्त 2020 में 7वां स्थान मिला। अब सितंबर 2020 में वाराणसी स्मार्ट सिटी परियोजना में राष्ट्रीय स्तर पर 83.89 अंक से प्रथम स्थान, अहमदाबाद 83.17 अंक से द्वितीय स्थान व सूरत ने 80.52 अंक से तीसरा स्थान प्राप्त किया। स्मार्ट सिटी के लिए समय-समय पर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा बजट जारी किया जाता है। इसका उपयोग सुनियोजित तरीके से करते हुए विभिन्न स्मार्ट सिटी द्वारा गतिमान परियोजनओं एवं कार्यों की जानकारी, निविदाएं, जारी कार्यादेश, व्यय, उपयोग किए गए बजट के संबंध में अद्यतन सूचनाएं पोर्टल पर अपडेट की जाती हैं।
परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया के फलस्वरूप रैंकिंग में सुधार हुआ है
नगर में विभिन्न प्रकार की करीब 561 करोड़ की 25 गतिमान योजनाओं का कुशल संचालन एवं क्रियान्वयन, 261 करोड़ रुपये के 16 प्रोजेक्ट पूर्ण हो चुके कार्य व 15 करोड़ की पांच परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया के फलस्वरूप रैंकिंग में सुधार हुआ है। आने वाले दिनों में वाराणसी स्मार्ट सिटी द्वारा अनेक परियोजनओं को सफलता पूर्वक पूर्ण किया जाएगा ताकि नगर के विभिन्न जन सुविधाओं के विकास को करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान बरकरार रखेगा।
- गौरांग राठी, नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी।