Varanasi City Weather Update : तापमान ने कराया सबसे गर्म दिन का अहसास, सामान्य से पांच डिग्री अधिक पारा
वाराणसी में हर दिन बीतने के साथ ही मौसम का रुख अब तल्खी की ओर होता जा रहा है। मौसम का रुख गर्मी की ओर होने से वातावरण में दोपहर में तल्खी घुल जा रही है और लोग मौसम से राहत की तलाश में जुटे नजर आने लगे हैं।
वाराणसी, जेएनएन। हर दिन बीतने के साथ ही मौसम का रुख अब तल्खी की ओर होता जा रहा है। मौसम का रुख गर्मी की ओर होने से वातावरण में दोपहर में तल्खी घुल जा रही है और लोग मौसम से राहत की तलाश में जुटे नजर आने लगे हैं। वहीं तापमान में इजाफे का दौर जारी रहने से वातावरण में अब ठंड का असर नदारद नजर आने लगा है। सुबह और शाम को ठंंड का असर हो रहा है तो रात को भी ठंड का असर है, धूप खिलने के बाद वातावरण बदल जा रहा है और पारा सामान्य से अधिक हो जा रहा है।
शुक्रवार की सुबह वातावरण में ठंड घुली रही और दिन चढ़ने पर धूप होने के साथ ही वातावरण से ठंड का असर नदारद हो गया और लोगों के शरीर से गर्म कपड़े उतर गए। दिन चढ़ने पर तापमान में भी इजाफा दर्ज किया गया सुबह नौ बजे तक पारा 25 डिग्री के करीब आ पहुंचा ऐसे में दिन में धूप पर्याप्त होने पर गर्मी का असर भी खूब होने लगा है। सामान्य से अधिक हो चला तापमान मानो मार्च के अंत का अहसास फरवरी माह में ही कराने लगा है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि मौसम का यह बदलाव कुछ दिनों तक का ही है, इसके बाद तापमान सामान्य हो जाएगा, मौसम का यह रुख दोबारा मार्च के दूसरे सप्ताह में कुछ इसी तरह का नजर आएगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 52 फीसद और न्यूनतम 39 फीसद दर्ज की गई। इस लिहाज से बीता चौबीस घंटा सीजन का सबसे गर्म दिन रहा और वातावरण में गर्मी का असर ऐसा हुआ कि पारा सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक हो गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम का ऐसा ही रुख रहेगा। जबकि, पश्चिमी विक्षोभ का एक झोंका अभी पहाड़ों से होकर गुजर रहा है। जिसके बाद दो चार दिनों में मौसम का रुख बदल जाएगा।