Varanasi City Weather Update : वातावरण में बदलाव से बढ़ रही गर्मी, तापमान में हर दिन इजाफा
पूर्वांचल में तापमान में दिन प्रतिदिन इजाफा देखा जा रहा है पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों के बनने का दौर तो जारी है जल्द ही वातावरण में पर्याप्त नमी होने से गायब भी हो जा रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में तापमान में दिन प्रतिदिन इजाफा देखा जा रहा है, पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों के बनने का दौर तो जारी है लेकिन यह जल्द ही वातावरण में पर्याप्त नमी होने से गायब भी हो जा रहे हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख और बदलेगा। वातावरण से पर्याप्त नमी मिली तो बादल बारिश भी करा सकते हैं। इसके साथ ही पूर्वांचल में वातावरण में बदलाव आएगा और दूसरे पखवारे से बसंती हवाओं का जोर शुरू होने के साथ तापमान में और इजाफा दर्ज किया जाएगा।
शनिवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ ही वातावरण में गुनगुनी धूप घुल गई और गुनगुना अहसास होने से लोगों ने पर्याप्त राहत महसूस की। सुबह के बाद धूप होने से लोगों के शरीर से गर्म कपड़े उतर गए तो कुछ लोग धूप भी सेंकते नजर आए। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में सूरज और उसका ताप भी चढ़ता गया। इस लिहाज से वातावरण में ठंड का असर दिन चढ़ने पर गुम होता गया। जबकि बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री तक की अधिकता दर्ज की गई है। मौसम का यही रुख बना रहा तो आने वाले पखवारे में अधिकतम तापमान तीस डिग्री भी पार कर जाएगा। वहीं दोपहर में आसमान साफ होने के साथ ही धूप की तल्खी का भी असर हुआ और लोग पसीना पसीना भी होते नजर आए।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। आर्द्रता अधिकतम 80 फीसद और न्यूनतम आर्द्रता 57 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता नहीं है। इसके साथ ही पूर्वांचल में ठंड की विदायी भी होने की ओर है। दूसरी ओर पहाड़ों पर भी अब बादलों की सक्रियता कम होने की ओर है और आने वाले दिनों में मौसम का रुख पूरी तरह बदलने की ओर है।