वाराणसी का मौसम बदला, तापमान ने लगाया गोता, कोहरे की चादर जल्‍द होगी और सघन

शनिवार की तड़के तक ओस का असर पूर्वांचल भर में बना रहा। सुबह अंचलों में कुहासा नजर आया जो दिन चढ़ने पर कोहरे सरीखे स्‍वरूप में आ गया। सुबह सात बजे के बाद धूप का असर हुआ तो वातावरण में गुनगुना अहसास घुलने लगा।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 06 Nov 2021 09:06 AM (IST) Updated:Sat, 06 Nov 2021 09:06 AM (IST)
वाराणसी का मौसम बदला, तापमान ने लगाया गोता, कोहरे की चादर जल्‍द होगी और सघन
शनिवार की तड़के तक ओस का असर पूर्वांचल भर में बना रहा।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। पूर्वांचल में मौसम का रुख बदला हुआ है, रात में ओस, सुबह कुहरा और कुहासा तो दिन में धूप भी हो रही है। हालांकि, दोपहर बाद धूप का ताप खत्‍म हो रहा है और शाम होते होते ठंडक का पर्याप्‍त असर नजर आने लग रहा है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा तो वातावरण और भी ठंडा होगा। जबकि माह के अंत तक न्‍यूनतम पारा दस डिग्री के नीचे तक आ जाएगा। इसी के साथ समूचा पूर्वांचल ठंड के आगोश में आ जाएगा। मौसम का रुख बदलेगा तो पारा नीचे जाएगा और पश्चिमी विक्षोभ का असर हुआ तो गलन भी इस बार व्‍यापक होगी।

शनिवार की तड़के तक ओस का असर पूर्वांचल भर में बना रहा। सुबह अंचलों में कुहासा नजर आया जो दिन चढ़ने पर कोहरे सरीखे स्‍वरूप में आ गया। सुबह सात बजे के बाद धूप का असर हुआ तो वातावरण में गुनगुना अहसास घुलने लगा। मौसम का रुख इसके बाद बदल गया और सुबह नौ बजे तक ठंडी हवाओं का असर भी खत्‍म हो गया। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बदला तो कोहरा और भी सघन हो जाएगा। इसके बाद मौसम काफी हद तक बदला हुआ सप्‍ताह भर बाद तक नजर आने लगेगा। 

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्‍य से एक डिग्री कम रहा, न्‍यूनतम तापतान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्‍य से दो डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 62 फीसद और न्‍यूनतम 55 फीसद दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब गुलाबी ठंडक पूरी तरह से बीत चुकी है और आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदल जाएगा और ठंड का व्‍यापक असर नजर आने लगेगा। मौसम विभाग ने इस सप्‍ताह न्‍यूनतम पारा 15 डिग्री के आसपास बने रहने की उम्‍मीद जताई है।

chat bot
आपका साथी