Varanasi City Weather Update : गलन की विदाई के साथ साफ आसमान ने दी राहत की सांस
वाराणसी के साथ पूर्वांचल में मौसम का रुख दो दिनों से बहुत बदला हुआ है। दिन चढ़ने के साथ ही वातावरण में तापमान चढ़ जा रहा है। आसमान साफ होने के बाद धूप भी तल्ख हो जा रही है और गुनगुनी धूप भी लोगों को काफी राहत देती है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख दो दिनों से बहुत बदला हुआ है। दिन चढ़ने के साथ ही वातावरण में तापमान चढ़ जा रहा है। आसमान साफ होने के बाद धूप भी तल्ख हो जा रही है और गुनगुनी धूप भी लोगों को काफी राहत देती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार यह रुख अस्थाई है और गलन का रुप भी न सही लेकिन सुबह शाम और रात को ठंड का दौर भी आएगा। दो चार दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर पूर्वांचल तक आने के साथ ही ठंड लोगों को दोबारा सताने लगेगी।
गुरुवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़़ने के साथ ही तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। वातावरणीय बदलाव की वजह से यह स्थिति पूर्वांचल में बनी है। हालांकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ठंड का असर दोबारा बढ़ा है इससे अंदेशा है कि अगले एक दो दिन बाद दोबारा पूर्वांचल गलन या ठंड की जद में आ जाएगा। सुबह आसमान साफ रहा और धूप समय से खिलने के साथ ही गुनगुना अहसास धूप की वजह से होने लगा। कई दिनों से गर्म कपड़ों में लिपटे लोगों ने राहत महसूस की और धूप भी सेंकी। दिन चढ़ने पर पारे में इजाफाा हुआ और लोगों को ठंड से पर्याप्त राहत मिली।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 90 और न्यूनतम 66 फीसद दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान पूरी तरह साफ है। हालांकि अगले कुछ घंटों के बाद यहां भी मौसम बदल सकता है।