Varanasi City Weather Update : पूर्वांचल में गलन का दौर शुरू, बादलों की भी हो सकती है सक्रियता
Varanasi weather पूर्वांचल में मौसम सामान्य रूप से अब दिन प्रतिदिन बदल रहा है। धीरे-धीरे वातावरण में ठंड के साथ ही गलन भी घुलने लगी है। जबकि बीते 24 घंटों में आर्द्रता का स्तर 95 फीसद तक पहुंचने से नमी का स्तर ब भी बदल गया है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम सामान्य रूप से अब दिन प्रतिदिन बदल रहा है। धीरे-धीरे वातावरण में ठंड के साथ ही गलन भी घुलने लगी है। जबकि बीते 24 घंटों में आर्द्रता का स्तर 95 फीसद तक पहुंचने से नमी का स्तर ब भी बदल गया है।
दक्षिण भारत में चक्रवाती परिस्थितियों की वजह से बादल भी बन रहे हैं और दक्षिण भारत में बारिश भी हो रही है। जबकि उत्तर भारत के वातावरण में गलन और कोहरा भी असर कर रहा है इस लिहाज से आने वाले दिनों में दक्षिण भारत से बंगाल की खाड़ी से होते हुए बादलों की सक्रियता हुई तो मामूली बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, इसकी उम्मीद कम है क्योंकि पछुआ हवाओं का जोर रहने से बादलों की सक्रियता अगर हुई तो भी बारिश कम ही होगी।
वहीं यूरोप से आने वाली ठंडी हवाओं का रुख लगातार होने की वजह से बीते दो दिनों से पूर्वांचल में लगातार वातावरण में गलन घुल चुकी है। इसकी वजह से तापमान में भी कुछ कमी आई है। न्यूनतम तापमान जहां सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होने से गलन का स्तर भी बढ़ा नजर आ रहा है।
वहीं पश्चिमी विक्षोभ का असर होने की वजह से जल्द ही पखवारे भर में पूर्वांचल में गलन का स्तर और बढ़ेगा इसके साथ ही पारा भी निढाल हो जाएगा। वहीं दूसरे पखवारे तक पाला के साथ कोहरा भी और सघन हो जाएगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार ठंड अपने तय समय के अनुसार ही असर कर रही है लिहाजा इसके आगे भी नियत समय के अनुसार ही सक्रिय रहने की उम्मीद है। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ का असर होने के बाद वातावरण में ठंड का स्तर और बढ़ेगा मगर तब तक दिन की गुनगुनी धूप लोगों को पर्याप्त राहत पहुंचाती रहेगी।
बीते चौबीस घण्टों में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 95 फीसद और न्यूनतम 81 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान साफ है।