Varanasi City Weather Update : साफ असमान बढ़ाएगा उमस और पारा, बादलों का ही शेष है सहारा
मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमानों के अनुसार अब मौसम में बदलाव का दौर चल रहा है। आने वाले दिनों में उमस में भी कमी आएगी और दिन में जारी धूप का असर कम होने के साथ ही सुबह ठंडक का असर कम होने लगेगा।
वाराणसी, इंटरनेट डेस्क। मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमानों के अनुसार अब मौसम में बदलाव का दौर चल रहा है। आने वाले दिनों में उमस में भी कमी आएगी और दिन में जारी धूप का असर कम होने के साथ ही सुबह ठंडक का असर कम होने लगेगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और तापमान में कमी आती जाएगी। फिलहाल, वातावरण में धूप छांव का असर दो दिन बरकरार है। इसकी वजह से उमस में मामूली इजाफा भी हुआ है। हालांकि, वातावरण में नमी का स्तर कम नहीं है। इसकी वजह से वातावरण में उतार चढ़ाव का क्रम बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से आंकड़े बताते हैं कि मानसूनी द्रोणिका का असर दक्षिण में खिसकने के बाद से ही वाराणसी में आसमान साफ होने लगा है।
गुरुवार की सुबह आसमान साफ रहा और ठंडी हवाओं का असर बना रहा। सुबह ठंडी हवाओं ने राहत तो दी लेकिन दिन चढ़ने के बाद ठंडी हवाओं का असर कम होता गया और सुबह सात बजे के बाद धूप खिलने के बाद ठंडी हवाओं का असर भी कम होता चला गया। जबकि, सुबह नौ बजे तक धूप की वजह से उमस में भी थोड़ा इजाफा हुआ। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव हुआ तो सुबह का मौसम सबसे पहले बदलेगा और उमस में कमी आएगी। इसी के साथ ही माह भर में गुलाबी ठंडक दस्तक दे देगी।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 80 फीसद और न्यूनतम तापमान 68 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार पूर्वांचल में आसमान साफ है जबकि पूर्वांचल के आसपास बादलों की सक्रियता बनी हुई है। जबकि मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का अंदेशा जताया गया है। मौसम इस समय ठंडा है लेकिन धूप होने के बाद उमस भी हो रही है।