Varanasi City Weather Update : बादलों ने पानी और पारा गिरा रखा है, अब गुलाबी ठंड की दस्तक
शुक्रवार की सुबह पूरी तरह आसमान बादलों के कब्जे में था। बादलों की वजह से रह रहकर कई इलाकों में सुबह बूंदाबांदी का भी दौर बना रहा। सुबह ठंडी हवाओं का रुख बना रहा और सुबह मानो ठंडक का दौर महसूस होने लगा।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख बदला हुआ है, आसमान में बादल भी हैं और वातावरण में पर्याप्त नमी बारिश भी खूब करा रही है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह बादल और बारिश तापमान में कमी भी कराएंगे। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक बादलों की और सक्रियता बने रहने का अंदेशा जताया है। लगातार तीन दिनों से रह रहकर हो रही बरसात की वजह से पारा भी धड़ाम हो गया है। माना जा रहा है कि बारिश थमने के बाद धूप हुई तो उमस में कुछ कमी हो सकती है और सुबह गुलाबी ठंड की दस्तक के साथ ही कुहासा और भी असर दिखा सकता है।
शुक्रवार की सुबह पूरी तरह आसमान बादलों के कब्जे में था। बादलों की वजह से रह रहकर कई इलाकों में सुबह बूंदाबांदी का भी दौर बना रहा। सुबह ठंडी हवाओं का रुख बना रहा और सुबह मानो ठंडक का दौर महसूस होने लगा। अगले दो दिनों तक बारिश के अंदेशे के बीच अब कम हुआ तापमान वातावरण में बदलाव की गवाही दे रहा है। इस बाबत मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और कुहासा जल्द ही कोहरे का रूप ले सकता है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 96 और न्यूनतम 87 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूर्वांचल में मौसम का रुख बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी से पूर्वांचल तक बादलों की सक्रियता का दौर बना हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दो दिनो में मौसम का रुख बदलेगा और आसमान साफ हो जाएगा। लौटता हुआ मानसून पर्याप्त बारिश करा रहा है।