Varanasi City Weather Update : पूर्वांचल में धूप ने चढ़ा दिया पारा, बादलों का ही अब सहारा
सुबह आसमान साफ रहा और मामूली बादलों की आवाजाही का रुख बना रहा। सूरज की रोशनी भी बिखरी लेकिन सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस से राहत भी दी है। सुबह नौ बजे सूरज की रोशनी से गर्मी का अहसास हुआ और ठंडी हवाओं का जोर भी थम गया।
वाराणसी, इंटरनेट डेस्क। पूर्वांचल में मौसम का रुख बदलाव की ओर है, वातावरण में ठंड का असर मामूली है। हालांकि, सुबह गुलाबी ठंड का असर होने लगा है। मौसम विभाग की ओर से इस सप्ताह बादलों की सक्रियता का असर होने का अनुमान जाहिर किया गया है। उस लिहाज से वातावरण सप्ताह भर बाद जो बदलेगा तो वह ठंड की ओर ही असर करता नजर आएगा। मौसम का रुख अब गुलाबी ठंड की ओर होने के बाद माह भर में कोहरा भी नजर आने लगेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि वातावरण अब सामान्य होने के बाद गुलाबी ठंड का पर्याप्त असर होगा।
शनिवार की सुबह आसमान साफ रहा और मामूली बादलों की आवाजाही का रुख बना रहा। दिन चढ़ा तो सूरज की रोशनी भी बिखरी लेकिन सुबह ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस से राहत भी दी है। सुबह नौ बजे सूरज की रोशनी से गर्मी का अहसास हुआ और ठंडी हवाओं का जोर भी थम गया। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि मौसम का रुख बदलेगा तो सुबह ठंडी हवाओं का असर भी नजर आने लगेगा। अभी उमस और गर्मी का जो भी असर है वह पुरवा हवाओं की वजह से है। जबकि पश्चिमी हवाओं का असर माह भर में आएगा तो वह अपने साथ ठंडी हवाओं का झोंका लेकर आएगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। आर्द्रता अधिकतम 76 फीसद और न्यूनतम 57 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वरों के अनुसार पूर्वांचल के आसपास बादलों की सक्रियता बनी हुई है। बादलों की यह सक्रियता लोकल हीटिंग का परिणाम है। माना जा रहा है कि आने वाले सप्ताह में मौसम का रुख सामान्य हो जाएगा। वहीं तापमान में दो डिग्री की अधिकता की वजह से लोकल हीटिंग स्पष्ट नजर आ रहा है, उम्मीद है बादलों से पारा कम होगा।