बलिया जिले में अनियंत्रित स्कार्पियो ने तीन लोगों को रौंदा, साइकिल मिस्त्री की मौत
रसड़ा-सिधागरघाट मुख्य मार्ग के पनसेरवा चट्टी (अतरसुआं मोड़) के समीप सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे अनियंत्रित स्कार्पियो ने तीन लोगों को रौंद दिया। इसमें साइकिल मिस्त्री 36 वर्षीय बैजू राम पुत्र रामजन्म निवासी मुस्तफाबाद की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, बलिया। रसड़ा-सिधागरघाट मुख्य मार्ग के पनसेरवा चट्टी (अतरसुआं मोड़) के समीप सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे अनियंत्रित स्कार्पियो ने तीन लोगों को रौंद दिया। इसमें साइकिल मिस्त्री 36 वर्षीय बैजू राम पुत्र रामजन्म निवासी मुस्तफाबाद की मौत हो गई।
हादसे में बालक व महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। इससे आक्रोशित लोगों ने मुआवजा व कार्रवाई की मांग को लेकर घटना स्थल पर चक्का जाम कर दिया। एसडीएम प्रभु दयाल व प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। लगभग एक घंटे बाद मार्ग पर यातायात बहाल हुआ। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
पनसेरवा चट्टी पर बैजू राम की साइकिल की दुकान है। वे साइकिल बना रहे थे। इस बीच पकवाइनार की तरफ से तेज गति से आ रही स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। उसके बाद उन्हें रौंदते हुए साइकिल बनवा रहे 12 वर्षीय अमन खरवार पुत्र अमरदेव निवासी अतरसुआं व 55 वर्षीय राधिका यादव पत्नी स्व. बुढ़न यादव निवासी मलफ थाना नगरा को चपेट में ले लिया। यह देख लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए।
गंभीर रूप से घायल साइकिल मिस्त्री को अस्पताल भेजवाया गया। उसने बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं महिला व बालक का इलाज स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। जनता ने चालक सहित गाड़ी को पकड़ लिया। गाड़ी सहित चालक काे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।