Top 5 Varanasi News Of The Day 4 August 2021 : दीवार गिरने से वृद्धा की मौत, घटने लगा गंगा का जलस्तर, सुबह-ए-बनारस क्लब ने किया प्रदर्शन
Top Varanasi News बनारस शहर की कई खबरों ने बुधवार यानी चार अगस्त को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें जो दिन भर चर्चा में बनी रहीं और लोगों की नजरें भी उन खबरों पर रही।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने बुधवार को चर्चा बटोरी जिनमें दीवार गिरने से वृद्धा की मौत, घटने लगा गंगा का जलस्तर, सुबह-ए-बनारस क्लब ने किया प्रदर्शन, मॉडल इवीएम का सत्यापन पूर्ण, तापमान में कमी का संकेत आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी में दीवार गिरने से दबकर वृद्धा की मौत और एक मासूम बाल-बाल बची, गांव में मातम
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अमवार गांव में बुधवार की सुबह एक दीवार गिरने से उसमें दबकर वृद्धा की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची किसी तरह बच गयी। हादसा होने के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार को उचित मदद का आश्वासन दिया है। वहीं हादसे के बाद गांव में मातम की स्थिति बनी हुई है। गांव वालों के अनुसार कई दिनों से रह रहकर हो रही बरसात की वजह से मकानों में नमी की स्थिति बनी हुई है। नमी होने की वजह से ही दीवार काफी कमजोर थी जो सुबह अचानक भरभराकर गिर पड़ी। परिजनों के अनुसार अमावर गांव निवासी वृद्ध महिला सुदामा देवी (68) पत्नी स्व. खड़भन कन्नौजिया बुधवार को अपने पुराने घर से नए घर आ रहे थे। उनके साथ उनकी नतिनी तान्या (12) भी साथ में थी। वह अपने घर के समीप पहुंची थी। उसी समय घर के समीप ही सड़क के किनारे बने स्व. लालजी गुप्ता के मकान की दीवार उनके ऊपर गिर गई।
वाराणसी में मां शीतला का पैर पखार घटने लगा गंगा का जलस्तर, घटाव की गति हुई कम
गंगा के जल स्तर में घटाव होने लगा है। हालांकि, घटाव की गति बहुत धीमी जरूर है। जहां एक दिन पहले बढ़ाव गति 24 घंटे में दो मीटर था वहीं, मंगलवार को यह गति घटकर एक मीटर हो गई थी। सुबह आठ बजे गंगा का जल स्तर 67.54 मीटर मापा गया था। अब घटाव जारी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बुधवार की सुबह जल स्तर 67.48 मीटर हो गया है। सुबह दस बजे तक कुल छह सेंटीमीटर पानी घटा है। वहीं, एक दिन पूर्व दशाश्वमेध घाट पर गंगा का आरती स्थल बदलकर गंगा सेवा निधि के कार्यालय की छत पर कर दिया गया है। काशी की मान्यता के अनुसार मां शीतला का पैर पखारने के लिए गंगा मंदिर में प्रवेश कर किया। गंगा की सहायक नदी वरुणा का पेटा भी पानी से लबालब हो गया है। पलट प्रवाह से गंगा का पानी वरुणा नदी के माध्यम से बस्तियों की ओर बढ़ चला है। वरुणा नदी के किनारे पुलकोहना व आसपास इलाके में नाला के रास्ते पानी बस्ती में घुस गया है। इसे देखकर निचले इलाके से लोगों ने पलायन शुरू कर दिया है।
वाराणसी में गृहकर में वृद्धि को लेकर सुबह-ए-बनारस क्लब ने किया प्रदर्शन, उठाई राहत की मांग
नगर निगम प्रशासन द्वारा मनमाने ढंग से गृहकर में वृद्धि और बढ़े हुए गृहकर का डिफरेन्स 2014 से जोड़कर लेने से आम जनता के आक्रोश एंव मांग को देखते हुए सामाजिक संस्था ने बुधवार को प्रदर्शन किया। सुबह-ए- बनारस क्लब के बैनर तले संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल एवं समाजसेवी विजय कपूर के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन से आम जनता से बढ़े हुए गृहकर की राशि को 2014 से ना लेकर 2019 से लेने की मांग को लेकर मैदागिन स्थित भारतेंदु पार्क मे विरोध-प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल और विजय कपूर ने कहा कि सत्र 2019 में नगर निगम प्रशासन द्वारा सर्वे कराकर गृहकर में भारी वृद्धि करने के साथ वृद्धि की गई। कहा कि राशि को 2014 से लिया जा रहा है जो कि कहीं से भी न्याय संगत नहीं है। गृहकर मे वृद्धी की आड़ में जनता का दोहन और शोषण भी हो रहा है। इससे जनता में आक्रोश की भावना उत्पन्न हो रही। ज्ञात हो कि जो गृहकर बढ़ाया जाता है उसी के आधार पर जलकर में भी वृद्धि होता हैI इस दोहरी मार को झेलने में आम जनता अपने आप को असमर्थ पा रही है।
आयोग के निर्देश पर एम-2 मॉडल इवीएम का सत्यापन पूर्ण, अब विस चुनाव में नहीं होगा प्रयोग
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले एम- 2 मॉडल ईवीएम का सत्यापन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब इसका प्रयोग विधानसभा चुनाव में नहीं होगा। अगर आगे पंचायत चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल होगा तो इसका प्रयोग किया जाएगा , वरना निष्प्रयोज्य घोषित कर दिया जाएगा। अब सिर्फ एम-3 मॉडल ईवीएम से ही चुनाव होगा। एम-3 मॉडल एडवांस तकनीकी से पूरी तरह लैस है। यूपी के पिछले विधानसभा चुनाव में भी इसका इस्तेमाल हुआ था। पहली बार बिहार विधानसभा में इसका प्रयोग हुआ था। जिले के गोदाम में एक हजार से अधिक एम -2 मॉडल की मशीन : जिले के गोदाम में एम-2 मॉडल की बीएयू यानी बैलेट यूनिट 1084 है। सीयू (कंटोल यूनिट) 939 व वीवी पैट 383 रखी गई है। इन सभी का सत्यापन हो चुका है। इसके अलावा एम 3 मॉडल की यहां 4002 बीयू, 1828 सीएयू व 1858 वीवी पैट है। कंपनी के इंजीनियरों की टीम ने इस्की भी जांच पड़ताल पूरी कर ली है।
Varanasi City Weather Update : मौसम का रुख बदलाव की ओर, तापमान में कमी का संकेत
पूर्वांचल में मौसम का रुख अब बदलाव की ओर होने के साथ ही ठंड का भी दौर आने की ओर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और उमस में थोड़ी कमी आएगी। इसी के साथ अब पखवारे भर में सुबह ठंडक भी महसूस होने लगेगी और माह भर बाद सुबह कुहासा का भी दौर पूर्वांचल के पहाड़ी जिलों में नजर आने लगेगा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उमस में कमी आएगी और बादलों की सक्रियता लगातार तापमान गिराएगा। इसी के साथ ही गर्मी की पूरी तरह विदायी शुरू हो जाएगी। जबकि लोकल हीटिंग और उमस का असर अधिक समय तक नहीं रहेगा। बुधवार की सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही का रुख बना रहा और दिन चढ़ा तो बादलों की सघनता में और इजाफा होता चला गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में बादलों की सक्रियता पूर्वांचल में सघन है। लोकल हीटिंग या पर्याप्त नमी का असर हुआ तो बूंदाबांदी भी हो सकती है। बुधवार सुबह कई इलाकों में मामूली बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है।