Top 5 Varanasi News : वॉल्वो बस सेवा बंद, यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा, दूसरी डोज वालों को टीका

Top Varanasi News जिले की कई महत्‍वपूर्ण खबरों ने शनिवार 18 सितंबर 2021 को सुर्खियां बटोरीं हैं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें जो दिन भर चर्चा में बनी रहीं और लोगों की नजरें भी उन खबरों पर बनी रहीं।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 03:29 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 03:29 PM (IST)
Top 5 Varanasi News : वॉल्वो बस सेवा बंद, यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा, दूसरी डोज वालों को टीका
बनारस शहर की कई खबरों ने 18 सितंबर 2021 शनिवार को सुर्खियां बटोरीं।

वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने शनिवार को चर्चा बटोरी जिनमें वॉल्वो बस सेवा बंद, यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा, दूसरी डोज वालों को टीका, घर-घर पहुंचेगी भाजपा टीम, गुलाबी ठंड का दौर शुरू आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।

घाटे की मार झेल रही रोडवेज की वॉल्वो बस सेवा का संचालन बंद, वाराणसी से लखनऊ की यात्रा प्रभावित

घाटे की मार झेल रही वॉल्वो बस सेवा का संचालन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके अंतर्गत शुक्रवार को वाराणसी - लखनऊ वॉल्वो बस सेवा का संचालन निरस्त रहा। ऐसे में कैंट बस स्टेशन से लखनऊ जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यहां से संचालित लग्जरी बस स्कैनिया को दो साल पहले ही से ही बंद चल रही है। अब वॉल्वो बस सेवा बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों की माने तो इन बसों के संचालन से घाटे की वजह से लग्जरी बसों का अनुबंध 31 अगस्त 2021 को खत्म कर दिया गया। ऐसे में ये बस सेवाएं बंद करनी पड़ीं। जल्द ही नई शर्तों के साथ वॉल्वो, स्कैनिया बसों का अनुबंध करेंगे, ताकि दीपावली के पहले इन बसों का संचालन फिर शुरू किया जा सके। इधर, वॉल्वो बस सेवा बंद होने की सूचना मिलते ही ऑनलाइल टिकट की बुकिंग भी बंद हो गई है।

यूपी बोर्ड अंक सुधार परीक्षा सुबह 8 बजे से शुरू, गेट पर ली गयी छात्र-छात्राओं की सघन तलाशी

यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटर की अंक सुधार परीक्षा जनपद में शनिवार से शुरू हो गई। प्रवेश से पहले परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं की सघन तलाशी ली गयी। परीक्षा कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार हो रही है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अधिकारी भी अलर्ट मोड में नजर आए। हालांकि, जिले में पूर्व में ही तैयारियां विभाग की ओर से कर ली गई थीं। शनिवार सुबह से ही अधिकारी क्षेत्र में परीक्षा की निगरानी करते नजर आए। कोरोना के चलते वर्ष 2021 की बोर्ड परीक्षा माध्यमिक शिक्षा परिषद नहीं करा पाया था। परिषद ने अपने फार्मूले के आधार पर छात्र छात्राओं को अंक प्रदान करते हुए परिणाम घोषित कर दिया था। परिणाम घोषित करने के साथ ही बोर्ड ने असंतुष्ट छात्र-छात्राओं को अंक सुधारने का एक मौका दिया गया है।

Covid Vaccine : आज बनारस में सिर्फ दूसरी डोज वालों को लगेगा टीका, बनाये गए हैं 60 केंद्र

जिले में कोरोना वैक्‍सीनेशन में काफी सक्रियता और तेजी बरती जा रही है। शनिवार की सुबह आठ बजे स्‍लॉट खुला तो सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक नागरिकों को दूसरी डोज लगाई जा रही है। टीकाकरण केंद्रों पर आन लाइन स्लॉट बुक करने वाले और सीधे आने वाले लोग प्रतिरक्षित होंगे। एक दिन पहले रिकार्ड टीका लगाने के बाद शनिवार को दूसरी डोज वालों के लिए स्लाट बुक हो रहे हैं। लाभार्थियों को सुबह 10 बजे से 60 केंद्रों पर प्रतिरक्षित किया जाएगा। दरअसल, पूर्ण टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए शनिवार के दिन केवल दूसरी डोज वालों को ही टीका लगाने का निर्णय लिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीबी सिंह ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशानुसार कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन की दो डोज़ लगना जरूरी है, तभी प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। इसलिए हमारा पूरा ध्यान इस बात पर है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जल्द से जल्द दूसरी खुराक लगा दी जाए।

विधानसभा चुनाव 2022 : वाराणसी में कार्यकर्ताओं के सहारे अब घर-घर पहुंचेगी भाजपा की टीम

सभी राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पार्टी 2022 के लिए उत्तर प्रदेश के चुनाव में अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है तो वही भाजपा ने भी जमीनी स्तर अपने कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के घर - घर जाने का काम शुरू करा दिया है। कार्यकर्ता पेज प्रमुख बनाने के कार्य मे लग गए है। भाजपा किसी भी तरह से आगामी चुनाव 2022 में रिस्क नही लेना चाहती है।भाजपा के कार्यकर्ता बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, मंडल अध्यक्ष को यह सारी जिम्मेदारी दी गयी है। भाजपा ने अभी हाल ही में सभी मोर्चा का जिलाध्यक्ष से मंडल अध्यक्ष का नया गठन किया है। पार्टी ने 2022 में नए जोश व जुनून से मैदान में उतरने का मन बना लिया है। चुनाव करीब आने तक संगठन से लेकर मोर्चा तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। हालांकि, कुछ मोर्चो में पुराने लोगो को जगह न मिलने से नाराजगी दिख रही है लेकिन पार्टी नाराज लोगो को भी मनाने में जुटी है। वाराणसी जिले के हर मंडल में गुजरात से आए वरिष्ठ भाजपा नेता लगाए गए हैं, जो सभी कार्यकर्ताओं की मॉनिटरिंग कर रहे है।

Varanasi City Weather Update : बादलों ने ली पूर्वांचल से विदायी, गुलाबी ठंड का दौर शुरू

पूर्वांचल में मौसम का रुख अब बदलाव की ओर है, बारिश के बाद अब बादल विदाई की ओर हैं। मौसम का रुख बदल रहा है और धीरे धीरे वातावरण में ठंड काबिज हो रही है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब माह के अंत तक मौसम का रुख बदल जाएगा और वातावरण में ठंड घुलेगी तो दूसरी ओर बादल विदायी की ओर होंगे। मौसम का रुख अब गुलाबी ठंड की ओर होने के साथ ही वातावरण में नमी की मात्रा कम होने लगेगी। इसके बाद पछुआ हवाओं का जोर ठंडक का असर ले आएगा। शनिवार की सुबह मौसम का रुख ठंड का बना रहा, दिन चढ़ा तो आसमान साफ हो गया और वातावरण में नमी का असर भी कम हुआ। थोड़ा उमस का असर भी रहा और मौसम का रुख लोगों को हालांकि तसल्‍ली भी देता रहा। मौसम का रुख थोड़ा गुलाबी ठंड की ओर होने लगा है। इसकी वजह से तापमान में कमी का दौर होने लगा है। माह के अंत तक अधिकतम पारा 30 और न्‍यूनतम पारा 25 डिग्री के करीब आ जाएगा। इसकी वजह से आने वाले दिनों में सुबह कुहासा और कोहरा का भी दौर शुरू हो जएगा।

chat bot
आपका साथी