Top 5 Varanasi News : गंगा को 71 मीटर चुनरी, सपाइयों ने मनाया बेरोजगार दिवस, मुस्लिम महिलाओं ने गाया गीत

Top Varanasi News जिले की कई महत्‍वपूर्ण खबरों ने शुक्रवार 17 सितंबर 2021 को सुर्खियां बटोरीं हैं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें जो दिन भर चर्चा में बनी रहीं और लोगों की नजरें भी उन खबरों पर बनी रहीं।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 03:21 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 03:21 PM (IST)
Top 5 Varanasi News : गंगा को 71 मीटर चुनरी, सपाइयों ने मनाया बेरोजगार दिवस, मुस्लिम महिलाओं ने गाया गीत
बनारस शहर की कई खबरों ने 17 सितंबर 2021 शुक्रवार को सुर्खियां बटोरीं।

वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार को चर्चा बटोरी जिनमें गंगा को 71 मीटर चुनरी, सपाइयों ने मनाया बेरोजगार दिवस, मुस्लिम महिलाओं ने गाया गीत, रफ्तार से बढ़ रहीं गंगा, 93 हजार लोगों को टीका आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए शाम तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।

PM Narendra Modi Birthday : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में मां गंगा को चढ़ाई गई 71 मीटर की चुनरी

वाराणसी के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में मां गंगा को उनके 71 वें जन्‍मदिन के मौके पर जन्‍मदिन की बधाई 71 मीटर चुनरी गंगा को समर्पित करके दी गई। शहर में रत्ना देवी ट्रस्ट की ओर से पीएम के जन्मदिवस पर मां गंगा को 71 मीटर की चुनरी चढ़ाई गई। गंगा के घाटों से लेकर गंगा के मध्‍य तक चुनरी को नौका से ले जाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्‍चार के साथ मां गंगा को चुनरी समर्पित की गई। वहीं दूसरी ओर नमामि गंगे के सदस्यों ने पीएम मोदी के लंबी उम्र के लिए मां गंगा की आरती भी की गई। पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर नमामि गंगे के सदस्यों ने लंबी उम्र की कामना के लिए मां गंगा की आरती उतारी गई। सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट पर पहले सफाई अभियान चलाया। उसके बाद पीएम मोदी के दीर्घायु के लिए मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजन अर्चन किया गया। इस दौरान मां गंगा से देश को आत्मनिर्भर बनाने और कोरोना से मुक्त करने की कामना की गई। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जब अपने संसदीय क्षेत्र के तौर पर काशी को चुना था, तब उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्‍मदिन पर सपाइयों ने मनाया बेरोजगार दिवस, गंगा में किया प्रदर्शन

प्रधानमंत्री और वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के 71 वें जन्‍मदिन पर विपक्षी दलों की ओर से प्रदर्शन करने की घटना भी शहर में सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनके जन्‍मदिन पर विरोध प्रदर्शन कर पीएम के जन्‍मदिन पर बेरोजगार दिवस के रूप में पीएम का जन्‍मदिन मनाया और अपने तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। पानी में घुसकर पोस्‍टर और बैनर के साथ जल सत्‍याग्रह करते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बेरोजगारों के लिए रोजगार की मांग की है। सपाइयों ने इस दौरान कहा कि प्रधानमंत्री बने से पहले पीएम ने वादा किया था कि हर साल दो करोड़ युवाओं को नौकरी देंगे। लेकिन, उनकी गलत नीतियों से लाखों रोजगार चले गए और जिस तरह से वह निजीकरण को बढ़ावा दे रहे हैं इससे भविष्य में बेरोजगारी बढ़ने की पूरी संभावना है।

वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर गाया गीत, जलाए 71 दीप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर लमही स्थित इंद्रेश नगर के सुभाष भवन में मुस्लिम महिला फाउंडेशन की महिलाओं ने रंगोली बनाकर, सोहर गाया। इसके बाद 71 दीप जलाकर पीएम के तस्वीर की आरती उतारी। उनको प्रतीकात्मक रूप से लड्डू खिलाया। उसके बाद सुभाष भवन में लड्डू वितरण किया गया। दुनिया के अन्य देशों की तरह भारत की मुस्लिम महिलाओं की जिन्दगी कल तक मुल्लाओं के रहमो करम पर आश्रित थी। तीन तलाक की बेड़ियों से जकड़ी हुयीं और हलाला के अपमान की आग में जलती हुयीं मुस्लिम महिलाओं की जिन्दगी बदतर हो चुकी थी। शौहर के घर से कभी भी बेदखल कर दिये जाने के खौफ से पीड़ित मुस्लिम महिलाओं की जिन्दगी अनिश्चित थी। निकाह के बाद उनको कोई कानूनी अधिकार नहीं था जिससे सामाजिक सुरक्षा मिल सके। वर्ष 2013 में काशी से मुस्लिम महिलाओं ने मुस्लिम महिला फाउण्डेशन की नेशनल सदर नाजनीन अंसारी के नेतृत्व में तीन तलाक के खिलाफ आंदोलन शुरू किया और नरेन्द्र मोदी को चिट्ठी लिखकर समर्थन मांगा।

पूर्वांचल में भारी बरसात, पांच सेमी से अधिक रफ्तार से बढ़ रहीं गंगा, नगर आयुक्त ने जारी किया हेल्पलाइन

पूर्वांचल ही नहीं बल्कि मध्‍य उत्‍तर प्रदेश में रह रहकर चार दिनों से हो रही बरसात का असर अब नदियों पर भी दिखने लगा है। भारी बरसात होने की वजह से पांच सेमी से अधिक रफ्तार से गंगा का जलस्‍तर बढ़ने लगा है। बरसात का प्रभाव नदियों पर पड़ने से उफान का स्‍तर साफ दिखने लगा है। वहीं गंगा में बाढ़ की वजह से नगर आयुक्त ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस बाबत नगर आयुक्‍त ने नंबर जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि जरूरी हो तभी आम जनता घर से निकलें। मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ों पर भारी बरसात के कारण गंगा के जल स्तर में चार सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ाव शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक मिर्जापुर में भारी बरसात के कारण गंगा में बढ़ाव शुरू हुआ है। हालांकि अभी इलाहाबाद और फाफा मऊ में बढ़ाव धीमी गति से है। शुक्रवार की सुबह सात बजे बनारस में गंगा का जलस्तर 65.10 मीटर रिकार्ड हुआ।

पीएम के जन्मदिन पर बनारस में मेगा अभियान, 222 केंद्रों पर 93 हजार लोगों को लगाया जाएगा टीका

टीकाकरण अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर जनपद में 93 हज़ार लाभर्थियों को प्रतिरक्षित किया जाएगा। इसके लिए पहली बार रिकार्ड 222 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। सुबह आठ बजे से कोविन पोर्टल पर स्लाट खोले जाने के बाद से बुकिंग का क्रम जारी है। सुबह 10 बजे से निर्धारित केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। इसके लिए पीएम के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रशासनिक स्‍तर पर तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि प्रशासन के स्‍तर पर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं अब अभियान के तौर पर इसे पूरा करने के लिए टीम सक्रिय होने जा रही है। जिले में 17 सितंबर के लिए ग्रामीण क्षेत्र के 152, शहरी क्षेत्र के 60, आठ वर्कप्लेस, एक-एक महिला व अंतरराष्ट्रीय स्पेशल केंद्र बनाए गए हैं। सीएमओ डा. वीबी सिंह ने बताया कि राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज चौकाघाट, एसवीएम हॉस्पिटल भेलूपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में सिर्फ द्वितीय डोज का टीका लगाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी