सोनभद्र में हाथी के ढाई करोड़ कीमत के दो दांत के साथ तीन गिरफ्तार, बेचने जा रहे थे वाराणसी

सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के डिलाही गांव के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों के पास से हाथी के दो दांत बरामद किया है। दांत की कीमत 2.50 करोड़ बताई जा रही है। आरोपित हाथी का दांत बेचने के लिए वाराणसी जा रहे थे।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 04:26 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 05:12 PM (IST)
सोनभद्र में हाथी के ढाई करोड़ कीमत के दो दांत के साथ तीन गिरफ्तार, बेचने जा रहे थे वाराणसी
सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के डिलाही गांव के पास से बरामद हाथी दांत के साथ आरोपितों संग पुलिस।

सोनभद्र, जेएनएन। करमा थाना क्षेत्र के डिलाही गांव के पास सोमवार की शाम पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर हाथी का दो दांत बरामद किया है। उसकी कीमत 2.50 करोड़ बताई जा रही है। आरोपितों में पिता व पुत्र शामिल हैं। मध्यप्रदेश राज्य के गढ़वा क्षेत्र से हाथी दांत हासिल कर उसे वाराणसी में बेचने के लिए मोटरसाइकिल से जाते समय पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।

पुलिस व वन विभाग को वन्य जीवों के अवशेष की तस्करी की सूचना मिल रही थी। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद ने अवैध व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध अभियान चलाया। वन्य जीवों के अवशेष की तस्करी करने वालों के सुराग में पुलिस लगी रही। करमा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह को जानकारी मिली कि सोमवार को घोरावल क्षेत्र के कुछ लोग हाथी के दो दांत बेचने के लिए मोटरसाइकिल से जाने वाले हैं। जानकारी मिलते ही करमा पुलिस व वन विभाग की टीम डिलाही गांव के पास उनको दबोचने में जुट गई। सोमवार की शाम साढ़े चार बजे पुलिस ने एक बाइक को रोका, जिस पर तीन लोग सवार थे। उन्हीं के पास से बोरे में बंद हाथी के दो दांत बरामद हुए।

मध्यप्रदेश राज्य के गढ़वा के जंगल से हाथी का दांत हासिल करने की जानकारी मिली

पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि इस मामले में घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कुशीनिस्फ गांव निवासी परमेश्वर प्रजापति पुत्र मुन्नी लाल प्रजापति, कोतवाली के ही अतरौली गांव निवासी भैया लाल मौर्या पुत्र स्व. राम किशोर मौर्या व धर्मलाल मौर्या पुत्र भैयालाल मौर्या को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि वन जीवों के अवशेष की तस्करी में एक गिरोह लगा है। मध्यप्रदेश राज्य के गढ़वा के जंगल से हाथी का दांत हासिल करने की जानकारी मिली है। वहां रहने वाले गिरोह के एक सदस्य की जानकारी मिली है। हालांकि वह अभी गिरफ्तार नहीं हो सका है। गिरफ्तार करने वाली टीम में करमा थाना प्रभारी के साथ वन दरोगा लवकुश सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव, हेड कांस्टेबल संजय ङ्क्षसह यादव, कांस्टेबल सतनाम व शशिकांत एवं वन रक्षक हरस्वरूप सिंह को एसपी ने पुरस्कृत किया है।

chat bot
आपका साथी