Varanasi City Weather Update : वाराणसी में तापमान सामान्य हो चला, जल्द ही बादलों के संकेत
वाराणसी सहित पूर्वांचल में मौसम का रुख इन दिनों सामान्य बना हुआ है इसके पीछे अरब सागर की हवाओं का असर माना जा रहा है। हालांकि मौसम का रुख अधिक तल्ख नहीं है। जबकि दोपहर में धूप तल्खी भरी गर्म साबित हो रही है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख इन दिनों सामान्य बना हुआ है, इसके पीछे अरब सागर की हवाओं का असर माना जा रहा है। हालांकि, मौसम का रुख अधिक तल्ख नहीं है। जबकि दोपहर में धूप तल्खी भरी गर्म साबित हो रही है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि इसके पीछे वातावरणीय परिवर्तन जिम्मेदार है। अब पुरवा हवाओं का भी असर धीरे धीरे शुरू होगा जो डेढ़ माह में मानसून की आमद पूर्वांचल में कराएगा। इसके बाद ही मौसम का रुख बेहतर हो सकेगा। वहीं मानसूनी हालात के पूर्व की लू और अंधड़ भरी दोपहरी का दौर होने से मानसून ठीक समय पर आने का अंदेशा है।
मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह ठंडी हवाओं का असर बरकरार रहा। दिन चढ़ा तो आसमान पर चढ़ते आ रहे सूरज की आंच से तपिश दस बजे के बाद से ही शुरू हो गई। जबकि 11 बजे के बाद से सूरज मानो आंच की बारिश करना शुरू कर दे रहा है। हालांकि न्यूनतम तापमान में आई गिरावट बादलों की आने वाले दिनों में सक्रियता का संकेत है। वहीं आर्द्रता में भी बीते दिनों की अपेक्षा कुछ इजाफा हुआ है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 40 फीसद और न्यूनतम 20 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान साफ है। जबकि पाकिस्तान की ओर से बादलों की सक्रियता का दौर दो तीन दिनों में पूर्वांचल तक आने के संकेत हैं। हालांकि, तब तब गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली, अलबत्ता अरब सागर से आने वाली हवाओं से लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है। इसी की वजह से सुबह मामूली ठंड का अहसास भी हो रहा है।