एलटी ग्रेड में चयनित शिक्षकों से बोले सीएम - 'मन लगाकर पढ़ाएं, बनारस की पहचान बनाएं'

प्राथमिक के बाद अब राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एलटी ग्रेड में चयनित 3317 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलना शुरू हो गया है। वाराणसी जनपद में नौ अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिला तो उनके चेहरे खुशी से खिल गए।

By Edited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 08:27 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 08:31 PM (IST)
एलटी ग्रेड में चयनित शिक्षकों से बोले सीएम - 'मन लगाकर पढ़ाएं, बनारस की पहचान बनाएं'
जनपद में नौ अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिला।

वाराणसी, जेएनएन। प्राथमिक के बाद अब राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एलटी ग्रेड में चयनित 3317 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलना शुरू हो गया है। इसका शुभारंभ शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। आनलाइन आयोजित समारोह में उन्होंने राजकीय माध्यमिक स्कूलों में एलटी ग्रेड में चयनित शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिया। जनपद में नौ अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र मिला। नियुक्ति पत्र मिलते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बनारस की चयनित अभ्यर्थी मनीषा थपरियाल व उसके पूरे परिवार को बधाई दी। सीएम ने कहा कि मन लगाकर पढ़ाएं और माध्यमिक शिक्षा व बनारस की एक अलग ही पहचान बनाएं।

जनपद के नवनियुक्त 15 शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने के लिए कचहरी स्थित जिला सूचना विज्ञान केंद्र (एनआइसी) सभागार में बुलाया गया था। वहीं, किन्ही कारणवश छह चयनित शिक्षक नहीं पहुंच सके थे। मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ से ही आनलाइन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र जारी करने की घोषणा की। इस क्रम में उन्होंने वाराणसी सहित कई जनपद की नवनियुक्त शिक्षकों से बात भी की। बनारस की नव नियुक्त शिक्षक मनीषा से पूछा कि नियुक्ति पत्र मिलने के बाद आप को कैसा महसूस हो रहा है। इस पर मनीषा ने कहा कि उसे बहुत खुशी हुई है। मनीषा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी जताया। सीएम ने कहा कि शिक्षक ही छात्रों के भविष्य को सही मार्ग दिखाते हैं और यही छात्र आगे चलकर देश को मजबूत बनाने का काम करते हैं। आज चयनित सभी युवाओं को इसे सिद्ध करना होगा। एक शिक्षक चाहे तो समाज की व्यवस्था में परिवर्तन ला सकता है। ऐसे में पूरी ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाने की जरूरत है।

इस क्रम में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटा। एनआइसी में आयोजित समारोह में विधायक नील रतन पटेल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, हंसराज विश्वकर्मा, विद्यासागर राय, संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी, जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीपी ¨सह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शिव पूजन द्विवेदी, प्रशासनिक अधिकारी अर¨वद ¨सह सहित अन्य लोग मौजूद थे। मेरिट के आधार पर स्कूलों का आवंटन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सहायक अध्यापक के पद पर चयनित अभ्यर्थियों से 28 सितंबर से आठ अक्टूबर तक आनलाइन विकल्प मांगे गए थे। चयनित शिक्षकों को मेरिट व उनके द्वारा भरे गए विकल्प के आधार पर स्कूल आवंटित किया गया है। वहीं, दिव्यांगों को वरीयता दी गई है। इन्हें मिला नियुक्ति पत्र संस्कृत विषय में मनीषा थपरियाल व सुनील कुमार, अंग्रेजी में खुशबू गुप्ता, राहुल पाठक, जनार्दन सिंह यादव, अमित कुमार, आरती, सूरज कुमार मिश्रा तथा जीव विज्ञान राजू यादव ये रहे अनुपस्थित : अमित कुमार यादव, अनिल कुमार चौरसिया, बृजेश कुमार, विकास त्रिपाठी, राजीव कुमार वर्मा व जूही साहू।

- नियुक्ति पत्र मिलने में दो वर्ष का समय लगा। हालांकि नियुक्ति पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ हुई। यही कारण है कि मेरे जैसा सामान्य परिवार के लोग भी नियुक्ति पत्र पाने में सफल रहे हैं। हाईस्कूल व इंटर मां दुर्गे बालिका इंटर कालेज (लहरतारा) से किया। वहीं बीए, एमए व बीएड बीएचयू से किया है।- मनीषा थपरियाल

- शिक्षक बनने की तमन्ना मन में शुरू से ही थी। नियुक्ति पत्र मिलने से बेहद खुश हूं। शिक्षक बनने का सपना आज पूरा हुआ। पूरे मनोयोग से बच्चों को पढ़ाएंगे। -खुशबू गुप्ता,

- एलटी ग्रेड में चयन को लेकर मुझे पूरा विश्वास था। बस मन में यह डर बना हुआ था कि यदि नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली हुई तो मेरा चयन नहीं होगा लेकिन चयन प्रक्रिया पूरी ईमानदारी से पूरी की गई है। -आरती

- वर्तमान में झारखंड में मैं शिक्षक हूं। संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल में भी मैं पढ़ा चुका हूं। काफी दिनों से अपने राज्य में शिक्षक बनने की तमन्ना थी। वह आज पूरी हुई। वैसे प्रवक्ता पद पर भी मेरा चयन हो चुका है। प्रदेश में मेरा चौथा स्थान है। वैसे मेरी इच्छा विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में प्रोफेसर बनने की है। यूजीसी-नेट पास कर चुका हूं और तैयारी भी कर रहा हूं। -सूरज कुमार मिश्रा

chat bot
आपका साथी