काबुल से सकुशल चंदौली लौटे सूरज, बोले- 'याद नहीं करना चाहता तालिबान का भयावह मंजर'

अफगानिस्तान संकट के दौरान काबुल में फंसे अलीनगर थाना के अमोघपुर गांव निवासी सूरज चौहान सोमवार की भोर में सकुशल भारत लौट आए। वायु सेना के विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे। यूपी के 14 लोगों के साथ सूरज की भी घर वापसी हुई।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Mon, 23 Aug 2021 05:04 PM (IST) Updated:Mon, 23 Aug 2021 05:04 PM (IST)
काबुल से सकुशल चंदौली लौटे सूरज, बोले- 'याद नहीं करना चाहता तालिबान का भयावह मंजर'
अलीनगर थाना के अमोघपुर गांव निवासी सूरज चौहान सोमवार की भोर में सकुशल भारत लौट आए।

चंदौली, जेएनएन। अफगानिस्तान संकट के दौरान काबुल में फंसे अलीनगर थाना के अमोघपुर गांव निवासी सूरज चौहान सोमवार की भोर में सकुशल भारत लौट आए। वायु सेना के विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे। यूपी के 14 लोगों के साथ सूरज की भी घर वापसी हुई। इससे घरवालों की खुशी का ठिकाना नहीं। घर में उत्सव का माहौल है। अफगानिस्तान में अराजकता के हालात पर चर्चा करते हुए सिहर जा रहे। बोले- 'मौत और दहशत के भयावह मंजर को दोबारा याद नहीं करना चाहता। सरकार के प्रयासों से सकुशल अपने लोगों के बीच हूं, अब काफी तसल्‍ली है अपने देश वापस आकर।' वहीं अपनों के बीच आकर सूरज काफी भावुक भी नजर आए। 

कोरोना काल में स्थानीय स्तर पर रोजगार का संकट होने के बाद सूरज स्टील फैक्ट्री में काम करने के लिए काबुल गए थे। कामकाज ठीक चल रहा था। हालांकि अफगानिस्तान पर तालिबानियों के कब्जे के बाद चहुंओर भय व दहशत का माहौल कायम हो गया था। फैक्ट्री का मालिक भी कारखाना बंद कर भाग गया था। सूरज समेत देश के अन्य कर्मियों के पासपोर्ट उसके पास थे। काबुल में हालात बिगड़ने के बाद सूरज भी अपनी हिफाजत को लेकर सशंकित हो गए थे। बताया कि अफगानिस्तान में चहुंओर अराजकता का माहौल है।

आतंकी हथियार लेकर सड़कों पर घूम रहे। वहीं हवाई अड्डों समेत प्रमुख स्थानों पर भी कब्जा कर लिया है। लोग देश छोड़कर भाग रहे हैं। उन्हें आंतकियों की गोली से जान गंवानी पड़ रही। भयावह मंजर को दोबारा याद करना नहीं चाहता। परिवार के लोगों ने सरकार से उनकी सकुशल घर वापसी की गुहार लगाई थी। जानकारी होने के बाद एसडीएम ने स्वजनों से मुलाकात कर जानकारी ली थी। जिला प्रशासन की ओर से गृह मंत्रालय को पत्र भेजा गया था। सूरज की सकुशल घर वापसी से स्वजन के साथ जनपदवासियों में भी खुशी का माहौल कायम है।

chat bot
आपका साथी