महात्‍मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव का नामांकन आज, 20 नवंबर को जारी होगी वैध प्रत्याशियों की सूची

उम्मीदवार नामांकन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 19 नवंबर को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक करा सकते हैं।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Tue, 19 Nov 2019 10:02 AM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 10:02 AM (IST)
महात्‍मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव का नामांकन आज, 20 नवंबर को जारी होगी वैध प्रत्याशियों की सूची
महात्‍मा गांधी काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव का नामांकन आज, 20 नवंबर को जारी होगी वैध प्रत्याशियों की सूची

वाराणसी, जेएनएन। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रसंघ चुनाव का नामांकन मंगलवार को होगा। उम्मीदवार नामांकन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 19 नवंबर को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक करा सकते हैं। नामांकन व मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन 20 नवंबर को होगा। प्रत्याशियों को नामांकन पत्र की हार्ड कापी इसी दिन सुबह नौ बजे से दोपहर एक तक जमा करना है। उनके साथ एक समर्थक व एक प्रस्तावक को भी आवश्यक प्रपत्र के साथ मानविकी संकाय में उपस्थित होना अनिवार्य है। 

इससे पहले छात्रसंघ चुनाव के लिए 14 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की गई थी। पहले नामांकन 26 अक्टूबर व चुनाव चार नवंबर को होना था। वहीं 19 अक्टूबर को जिला प्रशासन ने त्योहारों का हवाला देते हुए जनपद के विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया। वहीं देव दीपावली खत्म होते ही छात्रों ने चुनाव के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। अंतत: जिला प्रशासन की हरी झंडी मिलते ही चुनाव अधिकारी प्रो. सभाजीत सिंह यादव ने दोबारा अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना जारी होते ही तत्काल प्रभाव से आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। छात्रनेता सक्रियता बढ़ गई है। परिसर पूरे दिन गहमागहमी बनी रही। 

इन पदों पर होगा मतदान 

छात्रसंघ के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, व पुस्तकालय मंत्री के अलावा मानविकी, समाज विज्ञान, समाज कार्य, वाणिज्य व प्रबंधशास्त्र, शिक्षा, विधि तथा विज्ञान व प्रौद्योगिकी संकाय प्रतिनिधि हेतु नामांकन किया जा सकता है। गंगापुर व एनटीपीसी परिसर (शक्तिनगर-सोनभद्र) के दो-दो प्रतिनिधियों के लिए चुनाव बाद कराई जाएगी। विश्वविद्यालय के करीब 8500 विद्यार्थियों को अपना प्रतिनिधि चुनने का मौका मिलेगा। 

चुनाव कार्यक्रम 

19 नवंबर (सुबह छह से शाम छह बजे तक) : ऑनलाइन नामांकन 

20 नवंबर (सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक) : नामांकन तथा मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन  

20 नवंबर (दोपहर दो बजे के बाद) : वैध-अवैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन 

21 नवंबर (सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक) : नामांकन वापसी 

21 नवंबर (दोपहर चार बजे तक) : नामांकन वापसी के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन 

28 नवंबर (सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक) को मतदान 

(मतदान के बाद परिणामों की घोषणा इसी दिन)

एबीवीपी ने जारी किया पैनल 

- प्रांत कार्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी महानगर अध्यक्ष डा. निशा सिंह की अध्यक्षता में छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई। सौरभ सिंह अध्यक्ष, किशन सिंह उपाध्यक्ष, प्रशांत जायसवाल महामंत्री व हर्ष कुमार सिंह पुस्तकालय मंत्री पद पर चुनाव लड़ेंगे।

chat bot
आपका साथी