अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर आजमगढ़ में उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैं उसी से आया हूं। कहीं पर लिंक रोड सही नहीं है समतल भी नहीं है। एक्सप्रेस-वे पर पेयजल और शौचालय तक का इंतजाम नहीं किया गया है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 05:43 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 07:28 PM (IST)
अखिलेश यादव ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर आजमगढ़ में उठाए सवाल
पूर्व मंत्री बलराम यादव के आवास पर शोक जताने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सपा मुखिया पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से रविवार को पूर्व मंत्री बलराम यादव की पुत्रवधू की (तेरहवीं) श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने अतरौलिया के सेनपुर गांव पहुंचे। मीडिया से मुखातिब हुए तो पूर्व पार्टी में बाहुबली मुख्तार अंसारी के भाई को शामिल किए जाने के सवाल पर कहा कि उन पर कोई मुकदमा नहीं है। भाजपा अपने टापटेन अपराधियों की सूची जारी करे। यह सरकार साढ़े चार वर्ष बाद मंत्रिमंडल का विस्तार कर रही है। जाति के आधार पर मंत्री बनाने से कुछ नहीं होगा। जातिगत जनगणना जरूरी है।

प्रदेश सरकार अब विकास का ढिंढोरा पीट रही है, जबकि नीचे से नंबर वन है। उन्होेंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से बेहतर बनाना था, लेकिन उद्घाटन के पहले ही गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। आगरा एक्सप्रेस-वे 21 महीने में बनकर तैयार हुआ था तो उस पर सुखोई विमान उतारा गया था। जबकि साढ़े चार वर्ष में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण होने के बावजूद जरूरी सुविधाएं नहीं हैं। किसानों के लिए मंडियां नहीं बनाई जा रही हैं। मेरी सरकार आएगी तो इसका नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे किया जाएगा। भाजपा सरकार मेरी योजनाओं के शिलान्यास का शिलान्यास और उद्घाटन का उद्घाटन कर रही है। कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा की 400 सीट का आधार प्रतापगढ़ जिले में जिस तरह सांसद को खदेड़ा, गांवों में लगातार भाजपा विधायकों को जनता घुसने नहीं दे रही है। इसका फायदा सपा को ही मिलेगा।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी झूठ बोलने वाली पार्टी है। सरकार के पास बजट नहीं है, केवल मंत्री बनाए जा रहे हैं। सरकारी कंपनियों को प्राइवेट करती जा रही है। आरक्षण और रोजगार खत्म होता जा रहा है। आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सबसे बड़ा घोटाला गंगा, गाय और गड्ढामुक्त सड़क के नाम पर किया है। सरकार ने एंबुलेंस सर्विस का नाम तो बदल दिया, लेकिन एक भी एंबुलेंस की खरीद नहीं हुई।100 नंबर की पुलिस की इनोवा गाड़ी अधिकारियों ने छीन ली। भाजपा हिंदू-मुसलमानों में नफरत पैदा कर रही है। योगी जी और उपमुख्यमंत्री पर सबसे ज्यादा मुकदमे दर्ज थे, जिन्हें सरकार ने वापस लिया है। 2022 में समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर उन्होंने कहा कि अभी यदि हम घोषणापत्र बताएंगे तो सरकार उसका चोरी कर लेगी। शिवपाल यादव को साथ लेने के सवाल पर कहा कि सभी क्षेत्रीय दलों को साथ लेकर चुनाव में जीत हासिल की जाएगी।  

अखिलेश यादव ने कहा कि जाति के आधार पर मंत्री बनाने से कुछ नहीं होने वाला है, सरकार जातिगत जनगणना कराए। उत्तर प्रदेश सरकार अमेरिका की एक व बंगाल की दो तस्वीरें चुराकर विकास का झूठा दावा कर रही है। प्रदेश की जनता भाजपा को समझ चुकी है। आगामी विधानसभा चुनाव में सपा सरकार बनाने जा रही है।

chat bot
आपका साथी