Security Realty Check : जागते रहिए, रात को वाराणसी शहर के चौराहों से गायब है पुलिस

यदि आप पुलिस के भरोसे रात की नींद ले रहे हैं या फिर इस उम्मीद के साथ सड़क पर निकले हैं कि रास्ते में कोई अप्रिय घटना हुई और पुलिस सहायता करेगी तो भूल जाइए। टीम ने घूमकर चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी तो पुलिस नदारद नजर आई।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 07:50 AM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 07:50 AM (IST)
Security Realty Check : जागते रहिए, रात को वाराणसी शहर के चौराहों से गायब है पुलिस
वाराणसी के गुरुधाम चौराहे पर कोई पुलिसकर्मी नहीं है

जागरण संवाददाता, वाराणसी। यदि आप पुलिस के भरोसे रात की नींद ले रहे हैं या फिर इस उम्मीद के साथ सड़क पर निकले हैं कि रास्ते में कोई अप्रिय घटना हुई और पुलिस सहायता करेगी तो भूल जाइए। मंगलवार की रात रियल्टी चेक करने निकली जागरण की टीम ने घूमकर चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी तो पुलिस नदारद नजर आई। शहर में आए दिन चोरी, लूट, हत्या, हत्या का प्रयास की वारदात हो रही है, जिससे पुलिस की चौकसी पर सवाल उठने लगे हैं। इस रियल्टी चेक का वीडियो पुलिस अधिकारियों को भी भेजा जाएगा। हालांकि यह पुलिस के लिए आइना नहीं है, क्योंकि महकमे में कर्मठ पुलिसकर्मी भी हैं।

कमच्छा तिराहा पर पिकेट खाली, फैंटम के जवान मिले सुस्ताते

समय : 10.30 बजे

स्थान : कमच्छा तिराहा पुलिस पिकेट

दृश्य : पुलिस बूथ के बाहर दो प्लास्टिक की कुर्सियों पर बैठे पुलिसकर्मी महेंद्र व रविकांत यादव मिले। पिकेट ड्यूटी के बारे में पूछने पर बताया कि वह पिकेट पर नहीं, फैंटम दस्ते के हैं, अभी आए हैं, कुछ देर यहां बैठेंगे, फिर चले जाएंगे। इसके बाद बूथ सूना हो जाएगा, रोज की तरह।

भेलूपुर : क्या जनाब, क्या बात करते हैं

समय : 10.35 बजे

स्थान : भेलूपुर पानी टंकी पिकेट

दृश्य : पिकेट पर सन्नाटा, ड्यूटी पर कोई पुलिसकर्मी नहीं। उधर से गुजर रहे क्षेत्र निवासी मन्नान ने कहा कि क्या जनाब, क्या बात करते हैं, यहां रात तो क्या, दिन में भी कभी कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं दिखता।

विजया तिराहा पर दूर-दूर तक खाकी का पता नहीं

समय : 10.45 बजे

स्थान : विजया तिराहा

दृश्य : दूर-दूर तक पुलिस कहीं नजर नहीं आ रही है। जबकि यहां पिकेट ड्यूटी लगती है।

रोटरी चौराहा पर बूथ मिला बंद

समय : 10.55 बजे

स्थान : रोटरी चौराहा/ चेतमणि चौराहा

दृश्य : यहां पुलिस बूथ भी है, मगर भीतर कोई नहीं। चौराहे से दूर-दूर तक कहीं खाकी वर्दी की छाया नजर नहीं आ रही है।

समय : 11.05 बजे

स्थान : गुरुधाम चौराहा

दृश्य : पुलिस बूथ बंद पड़ा है। कोई भी नहीं। चारों तरफ की सड़कों पर भी दूर-दूर तक कोई पुलिसकर्मी नहीं नजर आ रहा है।

पद्मश्री चौराहा : खाकी का नामोनिशान नहीं

समय : 11.15 बजे

स्थान : पद्मश्री चौराहा

दृश्य : चौराहे के चारों तरफ की सड़कों पर दूर-दूर तक घूम कर देखा गया कि कहीं तो खाकी वर्दी नजर आ जाए, मगर निराशा ही हाथ लगी।

संत रविदास गेट : यहां भी वही हाल

समय : 11.25 बजे

स्थान : संत रविदास गेट

दृश्य : यहां यातायात पुलिस कमिश्ननेट का बूथ भी है। बूथ को तो छोड़िए, चारों तरफ की सड़कों या गोलंबर पर भी कोई पुलिसकर्मी दिख जाता तो तसल्ली होती।

लंका पुलिस बूथ राजा भिखारी का अड्डा

समय : 11.30 बजे

स्थान : लंका चौराहा

दृश्य : यहां बीएचयू गेट के बगल में लंका थाना पुलिस का बूथ है। बूथ के बाहर शेड में एक महिला अपने नंग-धड़ंग एक-डेढ़ वर्ष के बच्चे के साथ साेई है। उस महिला के तीन बेटे बूथ के भीतर राजा, प्रजा और पिया तीनों बैठकर मोबाइल पर फिल्म देख रहे हैं। पूछने पर बताया कि वह लोग पूरे दिन मांगते खाते हैं और रात में यही बूथ में सो जाते हैं। यहां शाम को सात से दस बजे तक पुलिस वाले रहते हैं, फिर चले जाते हैं। वहीं बूथ के बगल में राजा भिखारी की मौसी और उसका परिवार आराम फरमाते मिला।

ड्यूटी से गायब 16 पुलिसकर्मियों पर हुई थी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नरेट में कुछ माह पूर्व पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश की सख्ती लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ी थी। उन्होंने बिना सूचना के महीनों से गायब पुलिसकर्मियों की सूची तलब की तो पता चला था कि एक इंस्पेक्टर समेत 16 पुलिसकर्मियों का महीनों से पता नहीं चल रहा है। ऐसे पुलिसकर्मी बिना कोई सूचना दिए गायब हैं। पुलिस आयुक्त ने इन 16 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। विभागीय जांच भी बैठा दी गई थी।

कमिश्नरेट के जोन - वरुणा व काशी

सर्किल पांच : सारनाथ, चेतगंज, भेलूपुर, कोतवाली, कैंट।

कुल थाने - 20

सीसीटीवी कैमरे : 720

chat bot
आपका साथी