वाराणसी में श्रीअन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी महाराज को दी गयी भू समाधि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में धर्मार्थ मंत्री नीलकंठ तिवारी सुबह ही समाधि स्थल पर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने महाराज जी को पुष्पांजलि अर्पित किया। उनके साथ विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी थे। समाधि स्थल पर सपा नेता रीबू श्रीवास्तव भी पहुंची थी।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sun, 11 Jul 2021 11:00 AM (IST) Updated:Sun, 11 Jul 2021 11:21 AM (IST)
वाराणसी में श्रीअन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी महाराज को दी गयी भू समाधि
श्री अन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी महाराज को परंपराओं के अनुरूप भू समाधि दी गयी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। श्री अन्नपूर्णा मठ-मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी महाराज को रविवार सुबह आठ बजे शिवपुर स्थित श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम में परंपराओं के अनुरूप ही भू समाधि दी गयी। शनिवार शाम को महाराज जी के निधन के बाद उपमहंत शंकर पुरी ने निर्णय लिया था कि महंत जी को रविवार सुबह 6 बजे जल समाधि दी जाएगी। भोर में करीब 3 बजे उन्होंने अपना फैसला बदल दिया।

उन्होंने कहा कि महाराज जी को जल समाधि की जगह अब भू समाधि दिया जाएगा। अब तत्काल में उनको समाधि दे दी गयी है। बाद में यहां महंत जी का पक्का समाधि स्थल बनाया जाएगा। इसके साथ ही हर वर्ष महाराज जी का निर्वाण दिवस मनाया जाएगा। समाधि यात्रा में पूरा मंदिर परिवार उपस्थित रहा। श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से मंत्री नीलकण्ठ तिवारी विधायक सौरभ श्रीवास्तव, रीबु श्रीवास्तव, वीरेंद्र सिंह, वीरेंद्र नाथ उपाध्याय, प्रमोद कुमार मिश्र, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेंद्र सिंह, रमेश कनौजिया, सोनू सरदार, कमल श्रीवास्तव, निर्माणी अखाड़े के संत महात्मा एवं शहर के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे

धर्मार्थ मंत्री ने दी पुष्पांजलि : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में धर्मार्थ मंत्री नीलकंठ तिवारी सुबह ही समाधि स्थल पर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने महाराज जी को पुष्पांजलि अर्पित किया। उनके साथ विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी थे। समाधि स्थल पर सपा नेता रीबू श्रीवास्तव भी पहुंची थी।

समाधि यात्रा यह रहा रूट : महंत रामेश्वर पुरी महाराज की अंतिम यात्रा सुबह 7 बजे बांसफाटक से शुरू हुई। उनके पार्थिव शरीर को खुली गाड़ी में रखा गया था। यात्रा गोदौलिया, बेनियाबाग, लहुराबीर, जगतगंज, तेलियाबाग, दैनिक जागरण चौराहा, नदेसर मिंट हाउस, कचहरी, सदर तहसील होते हुए अन्नपूर्णा ब्रह्मचर्य ऋषिकुल आश्रम पहुंची। जहां आठ बजे उनको भू समाधि दी गयी।

बोले मुख्‍यमंत्री : काशी अन्नपूर्णा मंदिर के महंत श्रद्धेय रामेश्वर पुरी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। आपका जाना आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल अनुयायियों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति !

शांति बोले प्रधानमंत्री : काशी अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी जी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उनका जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने धर्म और अध्यात्म को समाज सेवा से जोड़कर लोगों को सामाजिक कार्यों के लिये निरंतर प्रेरित किया। ॐ शांति !

गंगा आरती में श्रद्धांजलि : असि घाट स्थित गंगा सेवा समिति की तरफ से शनिवार की शाम गंगा आरती के बाद श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां अन्नपूर्णा मंदिर के महंत रामेश्वर पुरी के लंबी बीमारी के बाद निधन पर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई। मां गंगा से स्वर्गीय महंत श्री रामेश्वर पुरी जी की आत्मा को सद्गति की प्रार्थना की गई। इस अवसर पर गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष पं. बलराम मिश्र, आशुतोष चतुर्वेदी, राहुल सिंह, राकेश पांडेय, अभिषेक श्रीवास्तव, शुभम पाठक, राधे झा, अनमोल, सत्यम, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी