वाराणसी के कई इलाकों में हाई व लो वोल्टेज से जनता में रोष, फाल्ट ठीक करने नहीं आया कोई कर्मचारी

कबीरचौरा पिपलानी कटरा प्रशांतपुरी कालोनी डीआइजी कालोनी नीचीबाग विशेश्वरगंज नई सड़क क्षेत्र में सुबह लोग लो वोल्टेज से परेशान थे। तो शाम को हाई वोल्टेज के कारण उनको अंधेरे में रहना पड़ा। लो वोल्टेज के कारण लोग दिनभर पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 10:07 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 10:07 PM (IST)
वाराणसी के कई इलाकों में हाई व लो वोल्टेज से जनता में रोष, फाल्ट ठीक करने नहीं आया कोई कर्मचारी
दिन भर कभी हाई तो कभी लो वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर के कई क्षेत्र रविवार को दिन भर कभी हाई तो कभी लो वोल्टेज की समस्या से जूझते रहे। उमस भरी गर्मी में जनता के रोष का मीटर बढ़ता रहा। कबीरचौरा, पिपलानी कटरा, प्रशांतपुरी कालोनी, डीआइजी कालोनी, नीचीबाग, विशेश्वरगंज, नई सड़क क्षेत्र में सुबह लोग लो वोल्टेज से परेशान थे। तो शाम को हाई वोल्टेज के कारण उनको अंधेरे में रहना पड़ा। लो वोल्टेज के कारण लोग दिनभर पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहे। उपभोक्ताओं का कहना था कि बिजली तो थी मगर, लो वोल्टेज के कारण एसी बंद थी। भीषण गर्मी में पंखा-कूलर नहीं चलने से लोग परेशान थे। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत बेनियाबाग उपकेंद्र पर की। फिर भी कोई कर्मचारी नहीं आया। देर रात लहुराबीर उपकेंद्र के एसडीओ अमित त्रिपाठी को इसकी सूचना दी गई। उन्होंने तत्काल समस्या का समाधान कराया। उन्होंने बताया कि अर्थ केबल में खराबी आ गई थी। जिसे ठीक कर आपूर्ति सामान्य की गई।

24 अक्तूबर तक आंदोलन स्थगित

राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने 24 अक्टूबर तक के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया है। यह जानकारी संगठन के केंद्रीय सह-प्रचार सचिव केदारनाथ शुक्ला ने दी है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों ऊर्जा मंत्री माननीय श्रीकांत शर्मा से संगठन प्रतिनिधियों की मुलाकात हुई थी। उन्होंने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक करके समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

विशेष कैंप सोमवार से

पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विद्याभूषण के निर्देश पर 18 से 30 अक्तूबर तक सभी उपकेंद्रों पर विशेष विद्युत कैंप लगाया जाएगा। इसमें त्रुटिपूर्ण बिल सही करना, खराब मीटर बदलना, बकाए की धनराशि जमा कराने का काम किया जाएगा। यह जानकारी अधीक्षण अभियंता दीपक अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि कैंप सुबह 10 से शाम चार बजे तक लगेगा। उपभोक्ता अपनी समस्याओं का निस्तारण कैंप में करा सकते हैं। प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट एमडी को भेजी जाएगी।

chat bot
आपका साथी