वाराणसी में प्रियंका गांधी वाड्रा को विजयी भव का आशीर्वाद मिला माता कुष्मांडा के दरबार से

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को नवरात्र की चौथी तिथि पर माता कुष्मांडा का विधिवत दर्शन- पूजन किया। चूंकि नवरात्र के चौथे दिन माता कुष्मांडा के दर्शन पूजन का ही विधान है इसलिए कांग्रेस महासचिव के दर्शन का महत्व ज्यादा बढ़ जाता है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Sun, 10 Oct 2021 03:33 PM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 05:56 PM (IST)
वाराणसी में प्रियंका गांधी वाड्रा को विजयी भव का आशीर्वाद मिला माता कुष्मांडा के दरबार से
दर्शन पूजन कर गुलाब सूट पर लाल चुनरी ओढ़कर खूब प्रसन्न दिखीं प्रियंका वाड्रा

जागरण संवाददाता, वाराणसी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को नवरात्र की चौथी तिथि पर माता कुष्मांडा का विधिवत दर्शन- पूजन किया। चूंकि नवरात्र के चौथे दिन माता कुष्मांडा के दर्शन पूजन का ही विधान है इसलिए कांग्रेस महासचिव के दर्शन का महत्व ज्यादा बढ़ जाता है। गुलाबी सूट में मंदिर पहुंची प्रियंका गांधी माता के दरबार में चौथे दिन पहुंचकर बहुत खुश नजर आईं। मंदिर के महंत परिवार से जुड़े चंदन दुबे ने उनका विधिवत पूजन कराया। लगभग 20 मिनट तक बीजक मंत्रों से पूजन का कार्य सम्पन्न हुआ। मंदिर के पुजारियों व महंतों ने उन्हें विजयी भव का आशीर्वाद दिया। मंदिर की तरफ से मंदिर के महंत राजनाथ दुबे तारकेश्वर दुबे व विकास दुबे ने उन्हें नारियल, माता की चढ़ाई चुनरी भेंट की, जिसको ओढ़कर प्रियंका गांधी काफी खुश नजर आईं। मंदिर की परिक्रमा करने के बाद वे मंदिर के दक्षिण निकास द्वार पर स्थित कुकुटेश्वर महादेव का दर्शन किया। मान्यता है कि मां कुष्मांडा का दर्शन करने के पश्चात कुक्कुटेश्वर महादेव का दर्शन करने से मनोकामना पूरी होती है।

बीज मंत्र, कल्याण मंत्र, विजय मंत्र से किया मां कुष्मांडा का पूजन

नवरात्र की चतुर्थी को मां कुष्मांडा के दरबार में पहुंचना प्रियंका का संयोगजनित सौभाग्य ही था। वहां मंदिर के पुजारी महंत चंदन दूबे ने प्रियंका गांधी काे तिलक लगाकर स्वागत किया। बीज मंत्र, कल्याण मंत्र, विजय मंत्र से मां का षोडशोपचार पूजन कराया और ‘विजयी भव’ का आशीर्वाद का आशीर्वाद दिया। महंत ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर मां का प्रसाद भेंट किया। इसके बाद मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने मां का फ्रेमजड़ित चित्र व चुनरी देकर उन्हें स्वागत किया। यहां भी उन्होंने सभी विग्रहों का दर्शन कर आशीष लिया। बाहर निकलकर अपनी कार में सवार होने के पूर्व हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया।

प्रियंका के पहुंचने के पूर्व ही करा दिया गया परिसर खाली

प्रियंका गांधी वाड्रा की सुरक्षा को देखते हुए उनके पहुंचने के दस मिनट पूर्व ही सुरक्षा कर्मियों ने मंदिर का परिसर खाली करा दिया। मुख्य गेट को बंद कर दर्शनार्थियों को रोक दिया गया।

महिला सिपाही को लगाया गले, खुशी से झूम उठी

दुर्गा मंदिर में मां कुष्मांडा का दर्शन-पूजन कर बाहर निकलीं प्रियंका से एक युवा महिला सिपाही ने सेल्फी लेने का आग्रह किया तो प्रियंका ने उसे गले से लगा लिया और फिर सिर पर हाथ पर रखकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद तो वह सिपाही मारे खुशी के उछल पड़ी और झूम उठी। इस दौरान उनके साथ अजय राय, अजय सिंह, डब्लू राय आदि लोग थे।

मंदिर के बाहर लगा मुर्दाबाद का नारा

जिस समय कांग्रेस महासचिव मंदिर में दर्शन कर रही थीं , उस समय आम दर्शनार्थियों का प्रवेश रोक दिया गया था। गर्मी से लाइन में खड़े दर्शनार्थियों के सब्र का जब बांध टूट गया तब उन्होंने तथा क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रियंका गांधी मुर्दाबाद का नारा लगाया। लोगों ने कहा कि उन्हें माता कुष्मांडा देवी के दिवस नवरात्र के चौथे दिन ही यहां दर्शन करने नहीं आना चाहिए था। एक दर्शनार्थी ने कहा कि राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को अब मंदिर याद आ रहा है जब उत्तर प्रदेश में चुनाव है। हम उनका बहिष्कार करते हैं।

गर्भ गृह में प्रवेश को लेकर आपस में भिड़ गए कांग्रेसी

दुर्गा मंदिर के गर्भ गृह में प्रियंका गांधी के साथ प्रवेश को लेकर कांग्रेसी आपस में धक्का-मुक्की करने लगे। पूर्व विधायक अजय राय को भी प्रियंका के साथ आये लोगों ने रोक दिया तो वे उनको धक्का देकर अंदर चले गए। अंदर जाने के लिए एक वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेस नेता भी चिल्लाने लगे। बाद में उन्हें पूर्व सांसद राजेश मिश्रा ने समझाया।

chat bot
आपका साथी