वाराणसी में पुलिस ने अपना दल की 'अधिकार ट्रैक्टर यात्रा' को रोका, धरने पर बैठीं पल्लवी पटेल

पल्लवी पटेल का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के आवास पर बिना पूर्व सूचना के रात में घर में घुसकर पुलिस ने तलाशी ली यह सरकार दमनकारी नीतियों पर चल रही है। धरना-रैली हम सबका संविधानिक अधिकार है जिसको वर्तमान सरकार कुचलने का काम कर रही है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 05:08 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 05:08 PM (IST)
वाराणसी में पुलिस ने अपना दल की 'अधिकार ट्रैक्टर यात्रा' को रोका, धरने पर बैठीं पल्लवी पटेल
वाराणसी पुलिस ने अपना दल की 'अधिकार ट्रैक्टर यात्रा' को आयोजन से रोका।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। सामाजिक न्याय, रोजगार और किसानों के अधिकारों को लेकर शुक्रवार को सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कालेज से निकलने वाली अधिकार ट्रैक्टर यात्रा को जिला प्रशासन ने रोकने की पूरी कोशिश की। फिर भी अपना दल की राष्ट्रीय नेता पल्लवी पटेल अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सारनाथ पहुंच गई और यात्रा निकालने लगी। पुलिस ने उन्हें रोका तो वह सड़क पर धरने पर बैठ गई। पुलिस बार-बार यात्रा नहीं निकालने का अनुरोध करती रही। करीब डेढ़ घंटे बाद पल्लवी पटेल कार्यकर्ताओं के साथ लौट गई।

अधिकार ट्रैक्टर यात्रा से पहले सारनाथ संग्रहालय से लेकर चौराहे तक भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई। यात्रा की अनुमति नहीं मिलने पर भी वह यात्रा निकालने पहुंची। दोपहर 12:40 बजे पल्लवी पटेल पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मूलगंध कुटी विहार बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध का दर्शन-पूजन कर पैदल मुख्यालय जाने के लिए बढ़ी, तभी सारनाथ चौराहे पर तैनात सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञान प्रकाश राय व थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मय पुलिस बल के साथ पहुंच गए। अधिकार ट्रैक्टर यात्रा राही पर्यटक आवास गृह की तरफ बढ़ा तो पुलिस ने रोक दिया, इससे नाराज वह धरने पर बैठ गई। यह देख पुलिस के हाथ-पांव फूलने लगे, उनको मनाने के लिए पुलिस अधिकारी हाथ भी जोडऩे लगे।

पल्लवी पटेल का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के आवास पर बिना पूर्व सूचना के रात में घर में घुसकर पुलिस ने तलाशी ली, यह सरकार दमनकारी नीतियों पर चल रही है। धरना व रैली हम सबका संविधानिक अधिकार है जिसको वर्तमान सरकार कुचलने का काम कर रही है, अपने अधिकार को लेकर न्यायालय में जाएंगे। ट्रैक्टर रैली में सभी ट्रैक्टरों को जबरदस्ती घरों में ही बंद कर दिया गया। वहीं पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी पुलिस उत्पीडऩ कर रही है। इस दौरान प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. गंगाराम यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह, राष्ट्रीय सलाहकार राजेश पटेल, अजय सिंह, हरीश चंद्र पटेल आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी