Panchayat Elections in Ballia : अंतरराज्यीय और अंतर जनपदीय सीमाएं रहेंगी सील, 49 स्थानों पर लगेगा पिकेट
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पुलिस के लिए हमेशा चुनौती पूर्ण रहा है। यूपी व बिहार की सीमा पर दो बड़ी नदी गंगा व घाघरा के बीच बसे जनपद में बिहार के अपराधी हमेशा दखल देते रहे हैं। 26 अप्रैल को होने वाला मतदान पुलिस के लिए चुनौती है।
बलिया, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पुलिस के लिए हमेशा चुनौती पूर्ण रहा है। यूपी व बिहार की सीमा पर दो बड़ी नदी गंगा व घाघरा के बीच बसे जनपद में बिहार के अपराधी हमेशा दखल देते रहे हैं। 26 अप्रैल को होने वाला मतदान पुलिस के लिए चुनौती है। इसको लेकर यूपी व बिहार पुलिस के उच्चाधिकारियों की दो दौर की बैठक भी हो चुकी है। बिहार पुलिस ने चुनाव के समय हर संभव मदद देने व अपनी सीमाओं पर निगरानी करने का आश्वास दिया है। ऐसे में चुनाव के दिन यूपी बिहार की सीमाओं को पूरी तरह से सील किया जाएगा। इसमें जनपदीय सीमाएं भी शामिल होगी।
यह है मुख्य रास्ते
यूपी-बिहार के मुख्य रास्ते भरौली, मांझी घाट, शिवरामपुर व तुर्तीपार पुल है। गंगा व घाघरा में बने इस पुल से बिहार के आने-जाने का रास्ता है। इसके अलावा मऊ व गाजीपुर जनपद की सीमाएं भी है।
सीमा पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए जाएंगे
पंचायत चुनाव को लेकर यूपी-बिहार सीमा पर सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए जाएंगे। इस संदर्भ में बिहार के पुलिस अधिकारियों से वार्ता हो चुकी है। दोनों तरफ की पुलिस मुस्तैद रहेगी।
-संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक।
बैरियर
12 : अंतर राज्यीय
10 : अंतर जनपदीय
49 : पिकेट
पुलिस ने गांवों में किया फ्लैग मार्च
पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई। गुरुवार को पुलिस के जवानों ने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील व अतिसंवेदनशील गांवों में फ्लैग मार्च कर लोगों को शांति का एहसास कराया। गड़वार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने इंद्रपुर, रतसर आदि गांवाें में बूथों को देखा। वहीं रेवती क्षेत्र में थाना प्रभारी यादवेंद्र पांडेय, रसड़ा प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस ने गांवों में चक्रमण किया।
मतदान के दिन रहेगा सार्वजनिक अवकाश
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने 26 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के दिन,सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत उन्होंने यह निर्णय लिया है।