चंदौली में लतीफशाह बीयर में क्षमता से अधिक पानी, 1283 क्यूसेक पानी छोड़ा गया

पूर्वांचल में लगातार तीन दिन से रुक- रुक कर हो रही बारिश से शनिवार को लतीफशाह व मुजफ्फरपुर बीयर ओवर फ्लो हो गया। वहीं नौगढ़ बांध भी पानी से लबालब हो गया है। मूसाखांड़ बांध से भी पानी गिरने लगा है।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 08:18 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 08:18 PM (IST)
चंदौली में लतीफशाह बीयर में क्षमता से अधिक पानी, 1283 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
शनिवार को लतीफशाह व मुजफ्फरपुर बीयर ओवर फ्लो हो गया।

जागरण संवाददाता, चकिया (चंदौली)। पूर्वांचल में लगातार तीन दिन से रुक- रुक कर हो रही बारिश से शनिवार को लतीफशाह व मुजफ्फरपुर बीयर ओवर फ्लो हो गया। वहीं नौगढ़ बांध भी पानी से लबालब हो गया है। मूसाखांड़ बांध से भी पानी गिरने लगा है। बंधियों, जलाशयों में तेजी से पानी स्टोर हो रहा। 24 घंटे में नौगढ़ में 30 व चकिया में 63 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। चंद्रप्रभा बांध व मुजफ्फरपुर बीयर परिक्षेत्र में शनिवार को औसतन 45 मिलीमीटर बरसात हुई। इससे मुजफ्फरपुर बीयर में क्षमता 314 फीट से ज्यादा पानी हो गया है। 479 क्यसेक पानी ओवरफ्लो होकर नदियों में बह रहा।

मानसून सत्र में लतीफशाह बीयर में 287.2 फीट पानी एकत्र हुआ। इसमें 1283 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वही नौगढ़ बांध लबालब है। बांध को सुरक्षित रखने के लिए 500 क्यूसेक पानी मूसाखाड़ बांध में छोड़ा जा रहा है। बरसात जारी रही तो कर्मनाशा नदी उफान होगी। चंद्रप्रभा बांध में 750.8 पानी स्टोर करने के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बांध के सभी गेट को बंद कर दिया गया। चंद्रप्रभा बांध क्षेत्र में औसतन 21 फीट पानी एकत्र होना शेष है।

सैलानियों को लुभाने लगा लतीफशाह बीयर : लतीफशाह बीयर सैलानियों को लुभाने लगा है। शनिवार को सैलानियों का झुंड बीयर तट पर उमड़ पड़ा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते बीयर के नजदीक जाने से सैलानियों को रोक दिया गया। दूर से ही सैलानी बीयर से ओवरफ्लो करते पानी व हरे-भरे जंगलों पहाड़ों का आनंद लेते नजर आए।

डैम की निगरानी के निर्देश : ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने लतीफशाह बीयर का जायजा लिया। सैलानियों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को कड़े निर्देश दिए।बताया अन्य डैम की निगरानी की जाए। हालांकि अभी सभी बांधों की स्थिति सामान्य है।

chat bot
आपका साथी