Mission UP 2022 : मीरजापुर में बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, चुनावी तैयारी के दिए मंत्र
मीरजापुर के बरौंधा कचार स्थित एक लॉज में शुक्रवार को बसपा की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भगवानदास रत्ना ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और चुनावी तैयारी के मंत्र दिए।
मीरजापुर, जागरण संवाददाता। बरौंधा कचार स्थित एक लॉज में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी की ओर से एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भगवानदास रत्ना ने की। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा और चुनावी तैयारी के मंत्र दिए। कहा कि अब समय नहीं रह गया है। कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव के लिए जी-जान से जुट जाएं। कहा कि भाजपा ने जनता से झूठ बोलकर सरकार बनाई। बसपा ने तो तमाम कल्याणकारी कार्य किए हैं।
हम अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की सूची लेकर प्रत्येक घरों तक पहुंचें और लोगों को जागरूक करें। कार्यकर्ताओं की बदौलत बसपा फिर से सत्ता में आएगी। बसपा सरकार में गांव से लेकर शहर तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचता था। कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर विधानसभा चुनाव 2022 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा। कहा कि महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। इससे किसानों को खेती करने में समस्या आ रही है। बोआई-जोताई, किराया, सब्जी, दाल सब महंगी होती जा रही है।
यह सरकार गरीबों की नहीं सुनती। बसपा प्रमुख मायावती के कल्याणकारी और सर्वसमाज के हित में किए गए अच्छे कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। शिविर में गुड्डू, रामराज, नरायन, पन्नालाल भारती, राजकुमार भारती, पुष्पलता बिंद, प्रेमशंकर मौर्य, सद्दाम राइन, सुरेंद्र मौर्य ने भी विचार व्यक्त किया। इस दौरान रामचंद्र बिंद, माता प्रसाद पटेल, अमित पटेल, रमेश दुबे, पंकज सिंह, ननकू पाल, गिरजा शंकर, मनोज गौतम, अनिल, विकास मौर्य, विनोद जोशी, पूर्व विधायक सूर्यभान आदि रहे।
डा. सोनेलाल पटेल के नाम होगा प्रतापगढ़ मेडिकल कालेज : अपना दल के संस्थापक डा. सोनेलाल पटेल के नाम पर प्रतापगढ़ स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नाम डा. सोनेलाल पटेल राज्य चिकित्सा महाविद्यालय कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी मंजूरी दे दी है। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने प्रसन्नता व्यक्त कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया।