गेहूं खरीद केंद्र पर बिचौलिए का अनाज मिला, केंद्र प्रभारी पर दर्ज हुआ एफआइआर

लाख सख्ती के बावजूद क्रय केंद्र प्रभारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी स्थित क्रय केंद्र पर बिचौलिए का लगभग 70 क्विंटल अनाज पकड़ा गया था। किसानों के नाम पर इसकी फीडिंग की योजना बनाई गई थी।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Mon, 07 Jun 2021 07:40 AM (IST) Updated:Mon, 07 Jun 2021 07:40 AM (IST)
गेहूं खरीद केंद्र पर बिचौलिए का अनाज मिला, केंद्र प्रभारी पर दर्ज हुआ एफआइआर
किसानों के नाम पर इसकी फीडिंग की योजना बनाई गई थी।

चंदौली, जेएनएन। लाख सख्ती के बावजूद क्रय केंद्र प्रभारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। मुख्यालय स्थित नवीन कृषि मंडी स्थित क्रय केंद्र पर बिचौलिए का लगभग 70 क्विंटल अनाज गोदाम में पकड़ा गया। किसानों के नाम पर इसकी फीडिंग की योजना बनाई गई थी। हालांकि अनाज भाजपा नेताओं की नजर में आ गया। इसके बाद विभाग बैकफुट पर आ गया है। डिप्टी आरएमओ के निर्देश पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

चार दिनों पूर्व जिले में गेहूं क्रय केंद्रों पर 31 कांटे बढ़ाए गए। दो कांटों वाले क्रय केंद्रों पर रोजाना 700 क्विंटल अनाज खरीदने का मानक तय किया गया है। अनाज खरीदने की क्षमता बढ़ने के बाद केंद्र प्रभारी बिचौलियों का अनाज खपाने के खेल में जुट गए हैं। बिचौलियों का अनाज केंद्रों पर लाकर इसकी तौल कराकर किसानों के नाम पर फीडिंग कराई जा रही है। ताजा मामला मुख्यालय के नवीन कृषि मंडी स्थित क्रय केंद्र का है। यहां मंडी समिति के क्रय केंद्र पर बिचौलिए का लगभग 70 क्विंटल अनाज उसी के गोदाम में पकड़ा गया। केंद्र प्रभारी ने इसकी तौल कराकर किसी किसान के नाम से फीडिंग कराने की योजना बनाई थी।

इसी बीच भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह व जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह पहुंच गए। नेताओं ने अनाज के बारे में केंद्र प्रभारी रामनगीना सोनकर से पूछताछ की तो बंगले झांकने लगे। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो खलबली मच गई। भाजपा नेताओं ने खरीद में अनियमितता में मंडी सचिव की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। इसकी जांच कराने की मांग की है। डिप्टी आरएमओ अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अनियमितता पर केंद्र प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

chat bot
आपका साथी