Varanasi City Weather Update : बादलों की आवाजाही से गिरा पारा, गर्म हवाओं से भी मिली राहत
मौसम विभाग और मौसम विज्ञानियों के अनुमान के मुताबिक ही मौसम का इस सप्ताह रुख बदला था। हालांकि पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का रुख बना रहेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब मानसूनी परिस्थितयां भी पूर्वांचल में सक्रिय हो चली हैं।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम विभाग और मौसम विज्ञानियों के अनुमान के मुताबिक ही मौसम का इस सप्ताह रुख बदला था। हालांकि पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का रुख बना रहेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब मानसूनी परिस्थितयां भी पूर्वांचल में सक्रिय हो चली हैं। अगले 40 दिनों में पूर्वांचल में मानसूनी बादलों की सोनभद्र के रास्ते दस्तक हो जाएगी। इसकी वजह से पूर्वांचल में मौसम की तल्खी भी मानसून के आगमन के साथ थम जाएगी। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही का दौर बना रहेगा। हालांकि, एक दो दिन तक अब थोड़ी गर्मी का असर भी होगा। इसके बाद दोबारा बादलों की आवाजाही और अंधड़ का दौर भी आएगा।
बुधवार की सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और सुबह ठंडी हवाओं का भी जोर बना रहा। दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी तो बढ़ी लेकिन बादलों और हवाओं का क्रम बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी और आसपास मौसम का रुख यही बना रहेगा और आने वाले दिनों में मौसम का रुख दोबारा बादलों का होगा। मौसम का रुख अपने गति के अनुसार सही दिशा में है और बारिश के बाद उमस का भी असर होगा। वहीं मानसून के आने से पूर्व गर्मी और उमस के साथ ही पुरवा हवाओं का भी असर जल्द ही नजर आने लगेगा। इसके साथ ही मौसम का रुख भी अब अमूमन सामान्य ही रहने की उम्मीद है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 58 फीसद और न्यूनतम 32 फीसद दर्ज की गई। इस दौरान बादलों के बीच बारिश तो नहीं हुई लेकिन ठंडी हवाओं ने गर्म हवाओं के थपेड़ों को थाम दिया। दोपहर में धूप और बादलों का खेल तो चला लेकिन तल्खी नदारद रही। जबकि आगामी पखवारे भर तक मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा। लोकल हीटिंग और स्थानीय नमी का स्तर बारिश और बूंदाबांदी के साथ ही बादलों की दशा भी तय करेगा।