Varanasi City Weather Update : वाराणसी में अधिकतम पारा 42 डिग्री पर, दोपहर में गर्म हवाओं का असर शुरू
अनुमानों के अनुसार ही मौसम का रुख इन दिनों पूर्वांचल में बना हुआ है। आसमान में तल्ख धूप बरकरार है तो दूसरी ओर दोपहर सूरज की आंच में तप भी रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून आगमन के डेढ़ माह पूर्व मौसम का रुख अनुकूल बना हुआ है।
वाराणसी, जेएनएन। अनुमानों के अनुसार ही मौसम का रुख इन दिनों पूर्वांचल में बना हुआ है। आसमान में तल्ख धूप बरकरार है तो दूसरी ओर दोपहर सूरज की आंच में तप भी रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मानसून आगमन के डेढ़ माह पूर्व मौसम का रुख अनुकूल बना हुआ है। आने वाले दिनों में मौसम का रुख बादलों की सक्रियता की वजह से बदलेगा भी। अरब सागर से शुष्क हवाएं पूर्वांचल तक आ रही हैं तो दूसरी ओर मैदानी इलाके दिन में गर्मी झेल रहे हैं तो आधी रात के बाद तापमान में गिरावट का भी दौर है।
बुधवार की सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ ही दस बजे के बाद आसमान से मानो आंच की बारिश शुरू हो गई। जबकि सुबह 11 बजे के बाद मानो दोपहर अब आंच की बारिश करने लगा। हालांकि, 42 डिग्री के आसपास पारा दोपहर दो बजे के करीब ही हो रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में बादलों की सक्रियता होगी और बारिश होने पर उमस में भी इजाफा होगा। वहीं बंगाल की खाड़ी में पखवारे भर में मानसूनी परिस्थितियां भी सक्रिय हो जाएंगी। इसके बाद माह भर में देश में मानसून दस्तक दे देगा। जबकि पूर्वांचल तक मध्य जून में सोनभद्र के रास्ते मानसून दाखिल होगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 30 फीसद और न्यूनतम 24 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान साफ बना हुआ है। जबकि पश्चिम में पाकिस्तान और अरब सागर के पास बादलों की सक्रियता में इजाफा हुआ है। अगले 48 घंटों में इसका असर पूर्वांचल तक पहुंचा तो बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, लोकल हीटिंग और पर्याप्त नमी का अभाव बना होने से बादलों की सक्रियता होने पर भी बारिश होने की संभावना कम है।