International Women's Day 2021 : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर तोहफा, वाराणसी में दो महिला रिपोर्टिंग चौकी की स्थापना
जनपद पुलिस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को जिले में दो महिला रिपोर्टिंग चौकी की स्थापना करने जा रही है। पहली रिपोर्टिंग चौकी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ागांव थाना परिसर में वहीं दूसरी चौकी शहर लंका थाना परिसर में स्थापित की गई है।
वाराणसी, जेएनएन। जनपद पुलिस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आठ मार्च को जिले में दो महिला रिपोर्टिंग चौकी की स्थापना करने जा रही है। पहली रिपोर्टिंग चौकी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ागांव थाना परिसर में वहीं दूसरी चौकी शहर लंका थाना परिसर में स्थापित की गई है। बड़ागांव थाने में स्थापित रिपोर्टिंग चौकी में ग्रामीण क्षेत्र के सभी थाने के महिला शिकायत दर्ज करा सकेंगी। अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों की जिले की दूर-दराज की महिलाओं को अपनी समस्या लेकर शहर में मैदागिन स्थित महिला थाने आने में दिक्कत होती थी। रिपोर्टिंग चौकी खुलने के बाद महिलाओं को अब महिला थाने नहीं जाना पड़ेगा और उनकी सभी समस्याओं का समाधान रिपोर्टिंग चौकी पर ही हो सकेगा। अक्सर दूर-दराज की पीडि़त महिलाओं को महिला थाना आने में ज्यादा समय व धन खर्च करना होता था। वही शहर की दूसरी ओर स्थापित लंका थाने में महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मालती प्रजापति को बनाया गया है। इनके अलावा इस चौकी पर दो हेड कांस्टेबल चंद्रेश्वर राय , हंसराज यादव , आरक्षी अविनाश कुमार, धर्मराज सिंह, महिला आरक्षी सरोजनी यादव और प्रीति शुक्ला की की तैनाती की गई है। बड़ागांव महिला रिपोर्टिंग चौकी का प्रभारी रीता देवी को बनाया गया है।
महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए दो महिला रिपोर्टिंग चौकी स्थापना की गई
महिलाओं की समस्याओं को देखते हुए दो महिला रिपोर्टिंग चौकी स्थापना की गई है। रिपोर्टिंग चौकी में थाने की हर प्रकार की सुविधा होगी। इसके लिए थाना परिसर में ही चौकी का अपना अलग भवन व वाहन होगा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आनलाइन चौकी का उद्धाटन करेंगे, जिसके बाद रिपोर्टिंग चौकी में कामकाज शुरू हो जाएगा।
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अमित पाठक।
महिला बंदियों के लिए विधिक साक्षरता शिविर एवं अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला पखवाड़ा मनाए जाने के क्रम में शनिवार को जिला कारागार के महिला बैरक में विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक जागरूकता शिविर एवं अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। महिला बंदियों को सशक्त बनाए जाने हेतु विधिक सचिव व सिविल जज सुधा सिंह द्वारा उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर सेंट जॉन्स स्कूल की छात्राओ,शिक्षक,शिक्षिका,स्टाफ आदि के द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमो का आयोजन किया गया जिसमें महिला बंदियों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई। विधिक सचिव द्वारा महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के लिए उनके लिए आवश्यक पढ़ाई के साधनों का भी वितरण किया एवं महिला बंदियों को भी पढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कॉपी, किताब,पेंसिल, रबड इत्यादि का वितरण उनके बीच करके उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर जेलर,डिप्टी जेलर व महिला बन्दियों के साथ साथ अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे।