बर्ड फ्लू के खतरों को देखते हुए वाराणसी मिनी-जू सैनिटाइज, बंद हो सकता है पर्यटकों का प्रवेश

कानपुर चिड़ि‍या घर में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने के साथ ही सारनाथ स्थित मिनी-जू में मंगलवार की सुबह सैनिटाइज किया गया। साथ ही आस पास के क्षेत्रों के साथ ही बांस-बल्ली से बाड़े को घेरा जा रहा है जिससे बाड़े के नजदीक कोई पर्यटक जा नहीं सके।

By Abhishek sharmaEdited By: Publish:Tue, 12 Jan 2021 12:35 PM (IST) Updated:Tue, 12 Jan 2021 12:35 PM (IST)
बर्ड फ्लू के खतरों को देखते हुए वाराणसी मिनी-जू सैनिटाइज, बंद हो सकता है पर्यटकों का प्रवेश
बांस-बल्ली से बाड़े को घेरा जा रहा है जिससे बाड़े के नजदीक कोई पर्यटक जा नहीं सके।

वाराणसी, जेएनएन। कानपुर चिड़ि‍या घर में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने के साथ ही सारनाथ स्थित मिनी-जू में मंगलवार की सुबह सैनिटाइज किया गया। साथ ही आस पास के क्षेत्रों के साथ ही बांस-बल्ली से बाड़े को घेरा जा रहा है जिससे बाड़े के नजदीक कोई पर्यटक जा नहीं सके। अधिकारियों ने निरीक्षण करने के साथ कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कहा कि कोई भी पर्यटक जीव-जंतुओं के पास नहीं जाए और न ही कोई खाद्य सामग्री उनको खिलाए। 

कई राज्यों में जीव-जंतुओं में बर्ड फ्लू के लक्षण मिलने पर प्रदेश के सभी प्रभागीय वनाधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्हें खुद मानीटरिंग करने के साथ पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर जांच कराने को कहा गया है। पशु चिकित्साधिकारियों की टीम मिनी-जू में रह रहे जीव-जंतुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कर चुकी है। प्रभागीय वनाधिकारी महावीर ने बताया कि खुद मिनी-जू की मानीटरिंग करने के साथ वन कर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है। जीव-जंतुओं के बाड़े से पर्यटकों को दूर रहने के लिए उनके पास बांस-बल्ली से घेराबंदी किया जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी को पशु चिकित्सकों को संपर्क में रहने को कहा गया है।

मिनी-जू में सैनिटाइज कराने के साथ साफ-सफाई कराई जा रही है। आने वाले दिनों में स्थिति सामान्य रही तो ठीक है, नहीं तो मुख्यालय से दिशा-निर्देश लेकर मिनी-जू को बंद करने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि अभी ऐसी कोई जरूरत नहीं है। वन क्षेत्राधिकारी को पशु चिकित्साधिकारी से संपर्क में रहने को कहा गया है। प्रवेश गेट पर पर्यटकों को मास्क लगाने के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही है।

chat bot
आपका साथी