वाराणसी के पथरगलिया में 17 घंटे से बत्ती गुल, एमडी से शिकायत करने के बाद आधे घंटे में आई
पत्थरगलिया में 17 घंटे बिजली गुल रहने के बाद जब लोगों ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विद्याभूषण से शिकायत की तो आधे घंटे में ही फाल्ट दूर कर लिया गया। एमडी तक शिकायत पहुंचने के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पत्थरगलिया में 17 घंटे बिजली गुल रहने के बाद जब लोगों ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विद्याभूषण से शिकायत की तो आधे घंटे में ही फाल्ट दूर कर लिया गया। एमडी तक शिकायत पहुंचने के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
उनके आदेश पर तत्काल बिजली ठीक करके अधिकारियों ने अपनी कमी छिपाई। पत्थरगलिया इलाके में बेनियाबाग उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार देर रात एक बजे इस क्षेत्र में एक फेस बंद हो गया। इससे करीब 40 घरों में अंधेरा हो गया। कुछ देर इंतजार करने के बाद जब लाइट नहीं आई तो लोगों ने इसकी जानकारी बेनियाबाग उपकेंद्र को दी। इसके बाद भी वहां कोई कर्मचारी बिजली ठीक करने नहीं पहुंचा। शनिवार दोपहर दो बजे तक जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने इसकी शिकायत एमडी से की।
एमडी ने तत्काल सर्किल-प्रथम के अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद को फाल्ट ठीक कराने का आदेश दिया। अधीक्षण अभियंता ने जेई पिंटू कुमार और शाहिद को फटकार लगाई और गड़बड़ी ठीक करते हुए आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि दोबारा शिकायत मिली तो विभागीय कार्रवाई होगी। यहां शाम पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि सुविधा संपन्न लोगों ने लाइनमैनों की मदद से रात में ही फेस बदलवा लिया। फेस बदलते समय भी उनलोगों को पता था कि एक फेस में लाइट नहीं है। फिर भी किसी कर्मचारी ने समस्या दूर करने की जहमत नहीं उठाई। देर रात एमडी विद्याभूषण उपकेंद्रों के निरीक्षण पर निकले। शंकुलधारा में उपकेंद्र का निरीक्षण किया और लागबुक चेक किया। पावर रूम में जाकर फीडर चेक किया।
न्यू कालोनी सोयेपुर और लमही में आठ घंटे गुल रही बिजली
मेन सप्लाई बंद होने के कारण न्यू कालोनी सोएपुर और लमही में आठ घण्टे बिजली गुल रही। इस कारण लोग सुबह से पानी के लिए परेशान थे। दोपहर बाद लोगों के इनवर्टर की बैटरी भी डिस्चार्ज हो गई थी।