जौनपुर में मां से विश्वासघात पर बेटे समेत चार पर दर्ज होगा धोखाधड़ी का केस

जौनपुर के केराकत थाना क्षेत्र के सिपाह मोहल्ला निवासी वृद्धा से विश्वासघात कर उसकी संपत्ति का बैनामा करने वाले बेटों समेत उसके साथियों पर केस दर्ज किया जाएगा। बुधवार को एसीजेएम तृतीय ने थानाध्यक्ष केराकत को इसका आदेश दिया है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 07:50 AM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 07:50 AM (IST)
जौनपुर में मां से विश्वासघात पर बेटे समेत चार पर दर्ज होगा धोखाधड़ी का केस
वृद्धा से विश्वासघात कर उसकी संपत्ति का बैनामा करने वाले बेटों समेत उसके साथियों पर केस दर्ज किया जाएगा।

जौनपुर, जागरण संवाददाता। केराकत थाना क्षेत्र के सिपाह मोहल्ला निवासी वृद्धा से विश्वासघात कर उसकी संपत्ति का बैनामा करने वाले बेटों समेत उसके साथियों पर केस दर्ज किया जाएगा। बुधवार को एसीजेएम तृतीय ने थानाध्यक्ष केराकत को इसका आदेश दिया है।

सिपाह निवासी सरियम ने कोर्ट में धारा 156(3) के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया। गुहार लगाई कि वादिनी वृद्ध व बीमार है। उसके पांच बेटे हैं, लेकिन दूसरा बेटा मजीद ही उसकी सेवा करता है। इसलिए उसने अपनी संपत्ति का वसीयतनामा 12 अप्रैल 2016 को मजीद के पक्ष में कर दिया। अन्य बेटे उससे कोई मतलब नहीं रखते। 23 जनवरी 2021 को सुबह साढ़े नौ बजे उसका बेटा मुस्लिम अपने साथी मोबीन, उसकी पत्नी शाहिना बानो व एक अज्ञात के साथ आया। बेटे ने कहा कि उसके नाम से अटल पेंशन योजना के तहत पेंशन स्वीकृत करा दी है। तहसील में चलकर हलफनामा देना होगा। वहां जाने पर उसने कुछ कागजात पर अंगूठा लगवा लिया। दो-तीन दिन में मोबिन कहने लगा कि उसने संपत्ति का बैनामा करा लिया है। आरोपियों ने उसके साथ विश्वासघात व धोखाधड़ी करके फर्जी बैनामा कराया जबकि उस संपत्ति का वह पहले ही वसीयतनामा कर चुकी है। कोर्ट ने प्रथम दृष्टया गंभीर मामला पाते हुए प्रभारी निरीक्षक केराकत को एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है।

तीन हत्यारोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल : पुलिस ने बुधवार को सधीरनगंज बाजार से तीन हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रामपुर थाना क्षेत्र के नरसिंहदासपुर गांव में गत एक जुलाई को गैर इरादतन हत्या व मारपीट के मामले सात अभियुक्तों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। नरसिंहदासपुर में भूमि विवाद में जमकर हुई मारपीट गांव के आनंद मिश्र की इलाज के दौरान बीते शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसमें आरोपित नहीं मिल रहे थे। थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह को मुखबिर से बुधवार को सूचना मिली कि तीन आरोपित आशुतोष मिश्र उर्फ सिंटू, सिद्धनाथ उपाध्याय निवासी नरसिंहदासपुर थाना रामपुर, नितेश पांडेय निवासी बेरवांपहाड़पुर थाना कोइरौना भदोही कहीं भागने की फिराक में सधीरनगंज बाजार में गाड़ी पकड़ने के लिए बैठे हुए हैं। सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपित आशुतोष मिश्र को पहचानते हुए गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपित भी पकड़े गए। उनके जरिए हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद किया गया।

chat bot
आपका साथी