जौनपुर में कच्चे मकान धराशायी होने से दंपती और बेटी सहित चार की मौत, तीन घायल

रुक-रुककर बुधवार की सुबह से हो रही बरसात के चलते जगह-जगह कच्चे घर धराशायी होने से दंपती व पुत्री समेत चार की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सरायखानी गांव में गुरुवार की तड़के दर्दनाक हादसा हो गया।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 10:39 AM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 01:35 PM (IST)
जौनपुर में कच्चे मकान धराशायी होने से दंपती और बेटी सहित चार की मौत, तीन घायल
बरसात के चलते जगह-जगह कच्चे घर धराशायी होने से दंपती व पुत्री समेत चार की मौत हो गई।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। रुक-रुककर बुधवार की सुबह से हो रही बरसात के चलते जगह-जगह कच्चे घर धराशायी होने से दंपती व पुत्री समेत चार की मौत हो गई। तीन घायल हो गए। सुजानगंज थाना क्षेत्र के सरायखानी गांव में गुरुवार की तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। शिवबाबू जायसवाल का खाली पड़े जर्जर कच्चे घर की दीवार बगल में रहने वाले अनिल कुमार जायसवाल के कच्चे घर पर गिर पड़ी। अनिल का घर ढह गया। मलबे में दब जाने से उनके 40 वर्षीय छोटे भाई भारत जायसवाल, 36 वर्षीय भयोहू गुलाबा देवी, नौ वर्षीय भतीजी साक्षी की मौके पर ही मौत हो गई। अनिल की पत्नी रेखा देवी व भांजी काजल घायल हो गईं। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर बनी हुई है।

सिकरारा थाना क्षेत्र के सकलडीहा गांव में रात करीब एक बजे कच्चे घर की दीवार बगल के छप्पर पर गिर गई। छप्पर में सो रही 47 वर्षीय उर्मिला देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई। मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियाव (डिहवा) गांव निवासी राममूर्ति सरोज का कच्चा घर ढह गया। संयोग से खतरा भांपकर घर में सोए स्वजन बाहर निकलकर सुरक्षित बच गए, लेकिन गृहस्थी के हजारों रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। उधर,धर्मापुर क्षेत्र के रत्तीपुर गांव में मड़हा गिरने से सो रहा सोनू कुमार पुत्र मेवालाल घायल हो गया। गृहस्थी के हजारों रुपए मूल्य के सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गए।

तीन दिन से लापता युवक की नहर मे मिली लाश

मुंगराबादशाहपुर में दो दिन पहले अपने एक रिश्तेदार को स्टेशन छोड़ने आए युवक की लाश नगर के गुड़हाई मोहल्ला स्थित एक नहर में मिली है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया और आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है। क्षेत्र के पूरा दयाल (रामनगर) निवासी तुलसी राम बिंद (25) पुत्र महेन्द्र बिंद तीन दिन पहले सोमवार की शाम को 7 बजे अपने मोटरसाईकिल से अपने रिश्तेदार को बादशाहपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था।वापस घर लौटते समय नईबाजार मे एक दुकान पर रुका कुछ सामान खरीदा और बाईक वही पर खड़ी कर दिया।देर रात तक युवक बाईक लेने नही आया तो लोगो ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।पुलिस मौके पर पहुंची बाईक थाने ले गई।इसकी जानकारी रात को पुलिस ने स्वजनों को दी तो वे परेशान हो गए।रात भर खोजा गया लेकिन कोई पता नही चल पाया।दूसरे दिन थाने मे स्वजनो ने गुमशुदगी दर्ज कराई।गुरूवार की सुबह उसकी लाश गुड़हाई मुहल्ले स्थित एक नहर मे उतराई मिली।लोगो की माने तो तुलसीराम बिंद से नईबाजार मे ही किसी से सोमवार की रात मे झगड़ा हो गया था उन लोगों ने उसे पीट दिया भागते समय वह नहर मे गिर गया।नहर में गिरने के बाद मारपीट कर रहे लोग फरार हो गए।किसी ने घटना वाली रात को पुलिस को जानकारी दी लेकिन पुलिस ने गम्भीरता से नही लिया।आज उसकी लाश नहर मे मिली।इस संदर्भ में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि घटना के सारे पहलुओं की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी