वाराणसी में आज 47 केंद्रों पर किया जा रहा टीकाकरण, सुबह बुक हुआ था स्लाट
वाराणसी डीआइओ डा. वीएस राय ने बताया कि जनपद में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इन सत्रों पर महिलाएं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपना टीकाकरण करा सकती हैं।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद में 47 केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए कोविन पोर्टल पर सुबह आठ बजे से ही पोर्टल खोले गए थे, जो एक घंटे में ही फुल हो गए। लाभार्थियों को सुबह 10 बजे से टीका लगाया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीबी सिंह ने बताया कि जिले में 24 सितम्बर को ग्रामीण क्षेत्र के 25, शहरी क्षेत्र के 18, 2 वर्कप्लेस, एक-एक महिला व अंतर्राष्ट्रीय स्पेशल केंद्र तथा 3 केन्द्रों क्रमशः राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज चौकाघाट, एसवीएम हॉस्पिटल भेलूपुर तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर में सिर्फ द्वितीय डोज का टीकाकरण किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र में ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के केन्द्रों पर ऑन स्पॉट (वॉक इन) नागरिकों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने ने कहा कि अधिक से अधिक लोग अपने नजदीकी ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर उपस्थित होकर अपना टीकाकरण कराएं।
इसके साथ ही उन्होंने सभी जनपदवासियों से अपील की है कि वह केंद्रों पर शांतिपूर्वक रूप से टीकाकरण का लाभ उठाएं। सभी नागरिक अपनी बारी आने पर ही टीकाकरण कराएं। उन्होंने आग्रह किया है कि सरकार द्वारा दी जा रही निःशुल्क सुविधाओं का शांतिपूर्ण तरीके से लाभ उठाएं जिससे अन्य नागरिकों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो।
डीआइओ डा. वीएस राय ने बताया कि जनपद में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इन सत्रों पर महिलाएं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपना टीकाकरण करा सकती हैं। महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र हेतु भी स्लाट खोले जाएंगे इसमें पंजीकृत महिला टीका लगवा सकती है, वहीं जिन नागरिकों के द्वितीय डोज़ लगवाने का समय हो गया है वे टीकाकरण केन्द्र पर जाकर अपना टीकाकरण अवश्य करा लें।
23 सितंबर को 21080 लाभार्थियों को लगा टीका : कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत जिले के विभिन्न केन्द्रों, चैरिटेबल अस्पतालों सहित 99 सत्रों का आयोजन कर 21080 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। इनमें 13485 लाभार्थियों को प्रथम डोज तथा 7595 लाभार्थियों को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। इस क्रम में 45 वर्ष से ऊपर के 1422 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं 18 वर्ष से 44 वर्ष के 19658 लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। जिसमें 12509 लाभार्थियों को प्रथम डोज तथा 7149 लाभार्थियों को दूसरी डोज का टीका लगाया गया। महिला स्पेशल एक केंद्र पर 201 महिलाओं का टीकाकरण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय स्पेशल एक केंद्र पर 12 लाभार्थियों को टीका लगाया गया।