भदोही जिले में कुएं में मानव कंकाल मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
सुरियावां थाना क्षेत्र के बीरमपुर में स्थित कुएं में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही आस-पास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शव महिला का है अथवा पुरुष का।
भदोही, जेएनएन। सुरियावां थाना क्षेत्र के बीरमपुर में स्थित कुएं में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी मिलते ही आस-पास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का शिनाख्त करने में जुटी रही। डीएनए जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि शव महिला का है अथवा पुरुष का। स्थानीय लोगों ने आसपास किसी के गुमशुदगी से भी इंकार किया है। ऐसे में माना जा रहा है कि यह शव किसी बाहरी का होगा अन्यथा उसे लाकर यहां पर कोई फेंक गया होगा।
बीरमपुर गांव में स्थित कुएं से दुर्गंध उठ रहा था। पास-पड़ोस के लोग तो पहले किसी मवेशी को मरने की आशंका जता रहे थे लेकिन जब वह गहराई से देखे तो होश उड़ गए। किसी मानव कंकाल को देख ग्राम प्रधान ने सुरियावां पुलिस को सूचन दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को बाहर निकाला। एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि शव 20 दिन पुराना दिख रहा है। शरीर का संपूर्ण भाग नष्ट हो चुका है। केवल हड्डी और खोपड़ी बची थी। शिनाख्त के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार काफी दिनों से कुएं के भीतर से बदबू आ रही थी। बदबू फैलने की वजह से लोगों ने पहले तो समझा कि कोई जानवर गिरकर मर गया होगा और उसी से बदबू आ रही है। हालांकि, धीरे धीरे बदबू असहनीय होने लगी तो लोग जांच पड़ताल करने कुएं के पास आए तो मानव शव की आशंका हुई। इस बाबत मानव कंकाल की आखिरकार पुष्टि होने के बाद ग्रामीणों ने इस बाबत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और आसपास के लोगों से किसी के लापता होने की जानकारी की तो निराशा हाथ लगी। हालांकि, पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आसपास लापता लोगों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।