चंदौली में समूह की महिलाएं चलवाएंगी आटो, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में मिलेंगे 10 ई-रिक्शा

चंदौली जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभाग 10 ई -रिक्शा उपलब्ध कराएगा। इससे सवारियों को पहुंचाकर आमदनी करेंगी। महिलाओं को दो मालवाहक बोलेरो भी दी जाएगी।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 07:00 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 07:00 PM (IST)
चंदौली में समूह की महिलाएं चलवाएंगी आटो, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में मिलेंगे 10 ई-रिक्शा
सरकार आजीविका समूहों से जुड़ी गरीब महिलाओं पर पूरी तरह से मेहरबान है।

चंदौली, जेएनएन। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभाग 10 ई-रिक्शा उपलब्ध कराएगा। इससे सवारियों को पहुंचाकर आमदनी करेंगी। महिलाओं को दो मालवाहक बोलेरो भी दी जाएगी। इससे न्यूट्रिमेक्स प्लांट में बनने वाला पुष्टाहार व दलिया आंगनबाड़ी केंद्रों पर तक पहुंचाएंगी। इसके बदले किराया वसूलेंगी। इससे महिलाओं को अतिरिक्त आय होगी।

सरकार आजीविका समूहों से जुड़ी गरीब महिलाओं पर पूरी तरह से मेहरबान है। उनके लिए तमाम योजनाएं संचालित कर रही है। इस बार महिलाओं को ई-रिक्शा व मालवाहक उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में 10 समूहों को एक-एक ई-रिक्शा दिया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से 1.50 लाख रुपये धनराशि मुहैया कराई जाएगी। महिलाएं खुद अथवा किसी चालक को रखकर सड़क पर इसे चलवा सकती हैं। सवारियों से मिलने वाला किराए की धनराशि का इस्तेमाल अपने कारोबार में कर सकती हैं। इसके अलावा विभाग की ओर से आधी आबादी को दो मालवाहक दिए जाएंगे। प्रत्येक के लिए 6.50 लाख रुपये धनराशि प्रदान की जाएगी। शेष धनराशि की व्यवस्था ग्राम संगठनों को खुद करनी होगी। मालवाहक से महिलाएं पुष्टाहार और दलिया ढोएंगी। दरअसल, जिले के चार ब्लाकों में जल्द ही न्यूट्रिमेक्स प्लांट लगने वाले हैं। यहां समूह की महिलाएं दलिया और पुष्टाहार तैयार करेंगी। इसे बाल विकास विभाग को उपलब्ध कराएंगी। प्लांट से आंगनबाड़ी केंद्रों तक माल पहुंचाने के लिए महिलाओं को मालवाहक वाहन दिया जा रहा है। प्लांट में जिले की लगभग 300 से अधिक महिलाओं को रोजगार मिलेगा।

बोले अधिकारी : ‘ समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा व मालवाहक वाहन दिए जाएंगे। इसके लिए क्रमश: 1.50 लाख और 6.50 लाख रुपये धनराशि मुहैया कराई जाएगी। शेष धनराशि ग्राम संगठनों को लगानी होगी। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभाग ने स्कीम शुरू की है। -एमपी चौबे, उपायुक्त स्वत: रोजगार।

chat bot
आपका साथी