हमें दो साल और दीजिए यूपी -बिहार की स्थिति बदल देंगे, वेबिनार में बोले नितिन गडकरी

राष्ट्रीय व्यापारी दिवस में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बस हमें और दो साल दीजिए उत्तर प्रदेश और बिहार की भी स्थिति बदल देंगे।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Sun, 09 Aug 2020 07:02 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 09:46 AM (IST)
हमें दो साल और दीजिए यूपी -बिहार की स्थिति बदल देंगे, वेबिनार में बोले नितिन गडकरी
हमें दो साल और दीजिए यूपी -बिहार की स्थिति बदल देंगे, वेबिनार में बोले नितिन गडकरी

वाराणसी, जेएनएन। रविवार को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर वेबिनार के माध्यम से आयोजित राष्ट्रीय व्यापारी दिवस में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बस हमें और दो साल दीजिए, उत्तर प्रदेश और बिहार की भी स्थिति बदल देंगे। मेरठ से दिल्ली आने में पहले साढ़े चार घंटे लगते थे। कर्जा लेकर 16 लेन की सड़क बनाई गई। अब यह समस्या समाप्त हो गई है, जिससे समय व तेल दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि देश में और 22 ग्रीन हाइवे बनाया जा रहा है, जिससे दिल्ली या गुजरात से दक्षिण भारत में माल ले जाना या मंगाना आसान हो जाएगा। वहीं केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत में रोजगार के और नए अवसर बढ़ाने के लिए यहां बनी चीज का उपयोग जरूरी है।

गडकरी को व्यापारियों ने बताया कि भारत का विश्वकर्मा

व्यापारियों से नितिन गडकरी ने कहा कि अब दिल्ली से अमृतसर का सफर भी महज चार घंटे में होगा। मुंबई से दिल्ली 12 घंटे में जा सकते हैं। बताया कि सूरत से अहमदनगर, सोलापुर होते हुए मद्रास व बंगलुरु का रास्ता करीब 250 किमी कम किया जा रहा है। इसके लिए नया रोड बन रहा है, जिससे कि मुंबई-पुणे जाने की जरूरत नहीं होगी। इसके साथ ही मुंबई-पुणे के बीच हाइवे बनाया, जिससे दो घंटे में ही सफर पूरा हो जाता है, पहले नौ घंटे लगते थे। इससे धन व समय दोनों की बचत होगी। व्यापारियों की बचत होगी तो देश आगे बढ़ेगा। उनके भाषण पर व्यापारियों ने गडकरी को भारत का विश्वकर्मा तक कह दिया। कहा, अटल बिहारी वाजपेई की सड़क की कामनाओं को पूरा कर आपने विश्वकर्मा का काम किया है।

मोबाइल भी अपने देश में बनने लगा

वेबिनार में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत में रोजगार के और नए अवसर बढ़ाने के लिए यहां बने चीज का उपयोग जरूरी है। इसके लिए जरूरी है कि गुणवत्ता उत्पादन तैयार हो। वैसे अब तो लोग खुद ही जागरूक हुए हैं। करीब 90 फीसद लोग भारत में बने सामान का उपयोग करना चाहते है। वे खुलकर कह रहे हैं कि भारत के साथ जो उचित सलूक नहीं करेगा उसके उत्पाद नहीं लेंगे। कहा कि अब देश में मोबाइल एवं टेलीविजन के कंपोनेंट भी बनने लगा है, जो पहले सिर्फ विदेशों पर ही निर्भरता थी। कहा कि अगरबत्ती जैसी चीज भी बाहर से आती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। दोनों मंत्रियों ने इंस्पेक्टर राज एवं भ्रष्टाचार के सफाए की भी बात की। वेबिनार में उप्र व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमला कांत पांडेय, संयुक्त महामंत्री देवेंद्र नारायण सिंह, मंत्री राकेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष रामकृष्ण श्रीवास्तव, नंदलाल जायसवाल, मनोज केशरी, ललिता शर्मा आदि ने विचार रखे। अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्याम बिहार मिश्रा ने की तथा संचालन मुकुंद नारायण मिश्रा ने किया।

chat bot
आपका साथी