वाराणसी में सितंबर से शुरू होगा घर-घर कूड़ा उठान, पहले चरण में 30 वार्ड को किया जाएगा शामिल

वाराणसी में एक बार फिर घर-घर कूड़ा उठान की कवायद शुरू होने जा रही है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन का नोएडा की एजेंसी एजी इनवायरो इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध हो गया है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 11:15 AM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 05:39 PM (IST)
वाराणसी में सितंबर से शुरू होगा घर-घर कूड़ा उठान, पहले चरण में 30 वार्ड को किया जाएगा शामिल
वाराणसी में सितंबर से शुरू होगा घर-घर कूड़ा उठान, पहले चरण में 30 वार्ड को किया जाएगा शामिल

वाराणसी, जेएनएन। एक बार फिर नगर में घर-घर कूड़ा उठान की कवायद शुरू होने जा रही है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन का नोएडा की एजेंसी एजी इनवायरो इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध हो गया है। कंपनी की विशेषज्ञ टीम गूगल मैप के जरिए सर्वे भी कर रही है। मकानों की संख्या के अलावा शहर से निकलने वाले कचरे का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल, यह कवायद सिंतबर से शुरू होने जा रही है। पहले चरण में 30 वार्डों में कूड़ा उठान होगा। 15 दिन में मिली कमियों को दूर कर नगर के 90 वार्डों में कूड़ा उठान किया जाएगा।

कंपनी ने की नए वाहन की मांग, नगर निगम प्रशासन के माथे पर पड़ा बल

कंपनी ने संदेश भेज दिया है कि उसे नए वाहन ही चाहिए, जिसमें बाद से नगर निगम प्रशासन के माथे पर बल पड़ गया है। अनुबंध के मुताबिक नगर निगम प्रशासन संसाधन उपलब्ध कराएगा और कंपनी घर-घर कूड़ा उठान करेगी। कंपनी को प्रति माह पांच करोड़ रुपये चाहिए जिसे नगर निगम प्रशासन को भुगतान करना होगा। इस रकम की भरपाई यूजर चार्ज के तौर पर की जाएगी। प्रति मकान 96 रुपये यूजर चार्ज देना होगा। यदि मकान में किराएदार हैं तो वे भी यूजर चार्ज दायरे में आएंगे।

अब तक कई कंपनियां हुईं फेल, सभी ने दिया घाटे का हवाला

घर-घर कूड़ा उठान को लेकर अब तक कई कंपनियां फेल हो चुकी हैं। वजह, यूजर चार्ज की वसूली न हो पाना। पहले एटूजेड ने जिम्मेदारी संभाली थी जिसने एक ही वर्ष में हाथ खड़े कर दिए। बाद में ईको पॉल, कियाना, आइएलएंडएफएस कंपनी ने भी जिम्मेदारी संभाली लेकिन लंबे समय तक कार्य नहीं कर सकीं। सभी ने घाटे का हवाला देते हुए कार्य से हाथ खींच लिया। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने बताया कि 'सितंबर माह से घर-घर कूड़ा उठान होगा। पहले चरण में 30 वार्डों को लिया जाएगा। इसके बाद सभी 90 वार्डों में कूड़ा उठान कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी