सपा के पूर्व विधायक ने एएसपी से लगाई गुहार, बोले- मुझे जान से मरवाना चाहते हैं भाजपा विधायक

सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह पर शुक्रवार को जान से मरवाने की कोशिश का आरोप लगाया है। एएसपी प्रेमचंद को पत्रक सौंपकर इस मामले से अवगत कराया है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 04:51 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 04:51 PM (IST)
सपा के पूर्व विधायक ने एएसपी से लगाई गुहार, बोले- मुझे जान से मरवाना चाहते हैं भाजपा विधायक
चंदौली स्थित पुलिस लाइन में एएसपी प्रेमचंद को पत्रक सौंपते पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू।

चंदौली, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह पर शुक्रवार को जान से मरवाने की कोशिश का आरोप लगाया है। एएसपी प्रेमचंद को पत्रक सौंपकर मामले से अवगत कराया है। जौनपुर जाते समय बलुआ गंगा पुल के समीप सैयदराजा विधायक के काफिले में चल रही एक स्कार्पियो ने पीछा कर उनकी पजेरो कार में जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। संयोग ही था कि कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने जान-माल की सुरक्षा के साथ विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की।

चालक ने वाहन को उतार दिया खेत में

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर जौनपुर के मल्हनी विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करने के लिए जा रहे थे। बलुआ पक्का पुल के समीप पहुंचने पर सैयदराजा विधायक सुशील सिंह का काफिला आता दिखा। मेरे साथ चार वाहन चल रहे थे। आगे स्कार्पियो भी चल रही थी। इसके पीछे पजोरे में खुद बैठा था। विधायक के काफिले में शामिल काले रंग की स्कार्पियो मेरी कार की तरफ आने लगी। इस पर चालक ने वाहन को खेत में उतार दिया। लेकिन स्कार्पियो ने पीछा कर कार में टक्कर मार दी। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कोई चोटिल नहीं हुआ। इसके बाद विधायक का काफिला बिना रुके तेज रफ्तार से आगे बढ़ गया। इससे सभी अवाक रह गए।

वाहन को लक्ष्य कर मारी गई टक्कर

मनोज सिंह  बोले, यदि यह दुर्घटना मात्र होती तो टक्कर मेरे काफिले के आगे वाले वाहन से होनी चाहिए थी। मेरे वाहन को लक्ष्य कर टक्कर मारी गई। पुलिस उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। ताकि कोई  व्यक्ति लोगों को परेशान न कर सके। उधर विधायक सुशील सिंह ने कहा उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। यह राजनीति स्टंटबाजी है। वे सुरक्षा लेने को उल्टे सीधे काम कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी