यूपी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों ने समर्थकों को जुटाकर प्रियंका के सामने दिखाया दमखम

वाराणसी में किसान रैली के लिए कुर्सियां भले 45 हजार ही लगाईं गईं थी लेकिन जितने लोग बैठे थे करीब उतने ही खड़े होकर प्रियंका की बातों को सुन रहे थे। रैली में भीड़ जुटाने का दारोमदार सबसे अधिक टिकट के दावेदारों पर था।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 06:10 AM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 06:10 AM (IST)
यूपी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों ने समर्थकों को जुटाकर प्रियंका के सामने दिखाया दमखम
कांग्रेस के बीते दस वर्षों के इतिहास में किसी जनसभा में इतनी भीड़ नहीं उमड़ी थी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। कांग्रेस के बीते दस वर्षों के इतिहास में किसी जनसभा में इतनी भीड़ नहीं उमड़ी थी। शीर्ष नेतृत्व से लेकर स्थानीय नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं थीं जिसे कार्यकर्ताओं ने बखूबी निभाया भी। परिणाम रहा कि किसान न्याय रैली में जगतपुर कालेज के मैदान का कोना-कोना भरा था। कुर्सियां भले 45 हजार ही लगाईं गईं थी लेकिन जितने लोग बैठे थे करीब उतने ही खड़े होकर प्रियंका की बातों को सुन रहे थे। रैली में भीड़ जुटाने का दारोमदार सबसे अधिक टिकट के दावेदारों पर था।

खजुरी-पांडेयपुर कैंप कार्यालय से शहर उत्तरी विधानसभा से टिकट के दावेदार मनीष चौबे के नेतृत्व में वाहन जुलूस निकला तो चांदपुर चौराहे से कांग्रेस किसान नेता संजय चौबे और रामसुधार मिश्रा के नेतृत्व में बाइक रैली निकाली गई। एनएसयूआई के कार्यकर्ता बौलिया चौराहे से पदयात्रा करते पहुंचे। उधर, गिरिजाघर चौराहे पर कांग्रेस नेता प्रमोद वर्मा, चौक पर विपिन मेहता, शिवपुर गिलट बाजार में डा. जितेंद्र सेठ, भोजूबीर चौराहे पर हसन मेंहदी कब्बन, नृपेंद्र नारायण सिंह, प्रो. सतीश राय, प्रो. अनिल कुमार उपाध्याय, दयानंद सिंह दुषाद ने अपने समर्थकों के साथ प्रियंका का स्वागत किया।

कटआउट आकर्षण का केंद्र, बना सेल्फी प्वाइंट

पूरे शहर में लगाया गया प्रियंका का कटआउट आकर्षण का केंद्र रहा। प्रियंका के जाने के बाद यह सेल्फी प्वाइंट बन गया।

प्रियंका के संबोधन को कैमरे में कैद करने की मची होड़

किसान न्याय रैली में जब प्रियंका मंच पर संबोधन करने आईं तब श्रोताओं की दीर्घा में आगे बैठे लोगों ने खड़े होकर उनके संबोधन को मोबाइल में कैद करने लगे। अपने नेता की इलक नहीं दिखने पर पीछे बैठे लोगों ने आपत्ति जताई।

विकास के नाम पर देवताओं का न हो अपमान

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से अक्षय वट हनुमान मंदिर व शिव कचहरी मंदिर के महंत बच्चा पाठक, राजू पाठक ने मुलाकात की। कहा कि अक्षय वट हनुमान मंदिर हटाने के लिए अधिकारियों द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। इस पर प्रियंका गांधी ने कहा कि विकास के नाम पर देवताओं का अपमान नहीं होना चाहिए।

मंदिर के बाहर गूंजा प्रियंका गांधी मुर्दाबाद

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा जब दुर्गाकुंड मंदिर में दर्शन-पूजन कर रही थीं, उस समय एक भाजपा कार्यकर्ता प्रियंका गांधी मुर्दाबाद का नारा लगाने लगा। उसने कहा कि अब चुनाव नजदीक है तब गांधी परिवार को मंदिर याद आ रहा है। बाद में उसे पुलिस ने समझाकर हटाया।

chat bot
आपका साथी