वाराणसी भाजपा महानगर अध्यक्ष और माफिया सुभाष ठाकुर सहित छह पर दर्ज एफआइआर चंद घंटे में निरस्त

आजीवन कारावास की सजा काट रहे माफिया सुभाष ठाकुर व बीजेपी के महानगर अध्यक्ष विद्यासगर राय सहित छह लोगों के खिलाफ सारनाथ थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। सभी पर आपराधिक साजिश बलवा व जान से मारने की धमकी देन का आरोप है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Fri, 08 Oct 2021 10:05 PM (IST) Updated:Fri, 08 Oct 2021 10:05 PM (IST)
वाराणसी भाजपा महानगर अध्यक्ष और माफिया सुभाष ठाकुर सहित छह पर दर्ज एफआइआर चंद घंटे में निरस्त
चंद घंटे की जांच के बाद उसे निरस्त कर दिया गया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। आजीवन कारावास की सजा काट रहे माफिया सुभाष ठाकुर व बीजेपी के महानगर अध्यक्ष विद्यासगर राय सहित छह लोगों के खिलाफ सारनाथ थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। सभी पर आपराधिक साजिश, बलवा, व जान से मारने की धमकी देन का आरोप है। शिकायत कर्ता धीरज तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज तो किया, लेकिन चंद घंटे की जांच के बाद उसे निरस्त कर दिया गया।

सारनाथ थानांतर्गत लेढूपुर निवासी धीरज तिवारी के मुताबिक उन्होंने चार मार्च 2021 को चेतगंज थाने में सुभाष ठाकुर और दो अज्ञात के खिलाफ जानमाल की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से सुभाष ठाकुर, उसका भांजा रमाकांत उर्फ मिंटू, टिंकू राय, कृपा शंकर राय, विद्या सागर राय व एक अज्ञात उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। धीरज ने बताया कि गत चार अक्टूबर को उनके आवास के बगल में स्थित चाय की दुकान पर तीन लोग आए और उन्हें ध्यान से देखने लगे। तीनों पर उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने टोकना चाहा तो वह भाग निकले। इसकी चर्चा उन्होंने अपने किराएदार हिमांशु यादव से की। उनके किराएदार ने तीन अक्टूबर को बताया था कि सफेद रंग की अल्टो कार से कुछ लोग आए थे। कार सवार लोग स्थानीय लोगों से पूछ रहे थे कि यहां पुलिस कितने बजे तक रहती है। इसके बाद हिमांशु उनका फोटो खींचा तो मोबाइल का फ्लैश चमक गया। इसके बाद कार सवार लोग हिमांशु को बुलाने लगे, लेकिन वह भाग गया। लोग असलहा लिए थे और कह रहे थे कि धीरज तिवारी को मारने के साथ तुम्हें भी मारेंगे। इस संबंध में सारनाथ थाना प्रभारी नागेश सिंह ने बताया कि गलत आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच के बाद तत्काल उसे स्पंज कर दिया गया है।

किसी धीरज काे नहीं जानते

भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय ने बताया कि वह किसी धीरज तिवारी को नहीं जानते हैं और उनसे कभी बात भी नहीं हुई है। उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी भी नहीं है। अब तक ऐसे आरोप कभी उनके खिलाफ नहीं लगे हैं। हो सकता है कि कोई गलतफहमी हुई हो।

घोर लापरवाही बरती गई, होगी कार्रवाई

पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि इस मामले में एसीपी, थाना प्रभारी की ओर से घाेर लापरवाही बरती गई है। घटना चार अक्टूबर की है और बिना किसी जांच व अधिकारियों को संज्ञान में दिए मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इस मामले में संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी