मीरजापुर में युवक की छेड़छाड़ से तंग आकर किशोरी ने आग लगाकर दी जान, आरोपित गिरफ्तार

मृतका के दादा निवासी लालगंज द्वारा थाने में दी गई तहरीर में बताया गया कि मेरी 15 वर्षीय पोती क्षेत्र के एक कालेज में पढ़ती थी। कोचिंग भी जाती थी। इसी दौरान क्षेत्र का एक युवक उसे रास्ते में परेशान करता था।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 11:59 AM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 07:19 PM (IST)
मीरजापुर में युवक की छेड़छाड़ से तंग आकर किशोरी ने आग लगाकर दी जान, आरोपित गिरफ्तार
22 नवंबर को अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर किशोरी ने आग लगा लिया।

मीरजापुर, जेएनएन। लालगंज थाना क्षेत्र के नेवढिय़ा गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी ने पिछले दो महीने से युवक की छेड़छाड़ से तंग होकर आग लगा जान दे दी। इसकी खबर लगते ही परिजन आक्रोशित हो गए। डीएम व एसपी ने पीडि़त किशोरी के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। आरोपित के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।  मृतका के दादा की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध आत्महत्या  के  लिए  उकसाने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मृत किशोरी के दादा के अनुसार उनकी पोती क्षेत्र के एक इंटर कालेज में कक्षा नौ की छात्रा थी। इसके अलावा गांव के एक टीचर के यहां कोचिंग भी पढऩे जाती थी। कोरोना काल में स्कूल खुलने पर प्रतिदिन स्कूल आने-जाने लगी। यह देख गांव का एक युवक बाइक से प्रतिदिन उसका पीछा करके छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज करता था। युवक की हरकत के बारे में छात्रा घर आने पर बताती थी। परिजनों ने इसकी शिकायत युवक के घरवालों से करके उसे मना करने को कहा। बावजूद इसके युवक नहीं माना। इससे परेशान किशोरी ने 22 नवंबर की शाम मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती किया गया। यहां 23 नवंबर की रात उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

इकलौती पुत्री थी

मृत छात्रा के दादा ने बताया कि उनके बड़े बेटे को एक बेटी और दो लड़के थे। सभी पढ़ाई कर रहे थे। छात्रा भी पढ़ रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

परिजनों से मिले डीएम व एसपी, आरोपित से की पूछताछ

लालगंज क्षेत्र के नेवढिया गांव में मृत छात्रा के प्रकरण की जांच करने डीएम व एसपी थाने पहुंचे। पुलिस अधीक्षक आरोपित शिवमंगल कोल (19) वर्ष पुत्र हीरालाल कोल से पूछताछ की। इसी के साथ ही थानाध्यक्ष हरीश चंद्र सरोज से विवेचना रजिस्टर दिखाए जाने का निर्देश दिया। रजिस्टर के निरीक्षण में उन्होंने लंबित विवेचना की संख्या के बारे पूछताछ की। विवेचना में लापरवाही न बतरने के निर्देश दिए। क्राइम से संबंधित पंजीकृत मामलों की भी थानाध्यक्ष से जानकारी ली। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भानु प्रकाश, कोतवाल हरिश्चंद्र सरोज, एसआई चंद्रकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।

पुलिस से पहले नहीं की थी शिकायत

लालगंज के नेवढिय़ा गांव में छात्रा  से हो रहे छेड़छाड़ की शिकायत परिजनों ने पुलिस से पहले नहीं की थी। 22 नवंबर को मृतका द्वारा आत्म हत्या का कदम उठाने के बाद पुलिस को तहरीर दी गई। अगर परिजन पहले ही इसकी शिकायत पुलिस से किए होते तो शायद उसकी जान बच जाती। 

आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया

लालगंज के एक गांव में छात्रा के साथ छेड़छाड़ के बाद आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

- अजय कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक

chat bot
आपका साथी