Varanasi City Weather Update : पूर्वांचल में शुष्क वातावरण ने बादलों को दी विदायी, बढ़ा तापमान
पूर्वांचल में मौसम का रुख पूरी तरह से बदला हुआ है आसमान में बदली की स्थिति है और वातावरण पूरी तरह शुष्क भी बना हुआ है। ऐसे में अधिकतम तापमान में जहां कमी आई है वहीं न्यूनतम तापमान में इजाफा भी हुआ है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख पूरी तरह से बदला हुआ है, आसमान में बदली की स्थिति भी बन जा रही है और वातावरण पूरी तरह शुष्क भी बना हुआ है। ऐसे में अधिकतम तापमान में जहां कमी आई है वहीं न्यूनतम तापमान में इजाफा भी हुआ है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सप्ताह भर तक मौसम का का अमूमन यही हाल बना रहेगा। इसके पीछे पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति बताई गई है। हालांकि, पछुआ हवाओं का जोर खत्म होने की वजह से बादलों की सक्रियता पूर्वांचल तक नहीं हो पा रही है। इस लिहाजा से वातावरण में ठंड और गर्म का मेल बनने से मार्च के आखिरी सप्ताह का मौसम कुछ राहत देने वाला है। इसके बाद अप्रैल से वातावरण में बदलाव शुरू होगा जो जून मध्य तक गर्मियों के चरम तक बरकरार रहेगा।
गुरुवार की सुबह आसमान में मामूली बादलों का डेरा बना रहा, दिन चढ़ने पर बादल घट बढ़ गए और वातावरण पूरी तरह से शुष्क होता चला गया। हालांकि, सुबह ठंडी हवाओं का भी जोर रहा। दिन चढ़ने पर आसमान साफ हुआ और धूप सात बजे तक पूरी तरह खिलने के साथ ही ठंड का असर नदारद हो गया। दिन चढ़ने पर हवा भी शुष्क होती गई और धूप में गर्मी का असर घुलने के साथ ही वातावरण पूरी तरह से शुष्क हो चला। दोपहर में आसमान पूरी तरह साफ रहा तो सूरज की तल्खी से लोग पसीना पसीना भी होंगे। पश्चिमी उत्तर भारत में बादलों की सक्रियता बनी हुई है लेकिन पछुआ हवाओं के अभाव में इसका असर पूर्वांचल तक नहीं हो पाएगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री तक अधिक रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 46 फीसद और न्यूनतम 28 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान साफ है और आसपास बादलों की मामूली सक्रियता बनी हुई है। दिन चढ़ने पर हवाओं का रुख बदला तो बदली की भी स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब वातावरण में गर्मी का दौर आने वाला है, जबकि वातावरणीय परिस्थितियां आने वाले दिनों में अंधड़ और तेज हवाओं का भी बनने का संकेत दे रहे हैं।