वाराणसी में जिला पंचायत अध्‍यक्ष चुनाव : भाजपा और सपा करेगी दावेदारी, अंदरखाने में तैयारी

वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही कुर्सी का खेल शुरू हो गया है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए अबकी भाजपा व सपा आमने-सामने होंगी। सपा सर्वाधिक सीट हाथ में होने की बात कह रही है तो भाजपा भी पीछे नहीं है।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 09:20 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 09:20 AM (IST)
वाराणसी में जिला पंचायत अध्‍यक्ष चुनाव : भाजपा और सपा करेगी दावेदारी, अंदरखाने में तैयारी
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही कुर्सी का खेल शुरू हो गया है।

वाराणसी, जेएनएन। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही कुर्सी का खेल शुरू हो गया है। तय माना जा रहा है कि अध्यक्ष की कुर्सी के लिए अबकी भाजपा व सपा आमने-सामने होंगी। सपा सर्वाधिक सीट हाथ में होने की बात कह रही है तो भाजपा भी पीछे नहीं है। वैसे भी जिला पंचायत का अब तक इतिहास यही रहा कि कुर्सी बहुमत से नहीं रणनीति से ही हाथ आई है। इसमें कौन सफल होगा, यह तो वक्त बताएगा लेकिन इतना तय है कि इस हार जीत में कांग्रेस, बसपा, सुभासपा, अपना दल समेत अन्य पार्टियों की अहम भूमिका होगी।

मैदान में कौन होगा, उनका नाम दो-चार दिन में घोषित हो जाएगा। सपा ने काशी विद्यापीठ जिला पंचायत वार्ड- 32 की जिला पंचायत सदस्य चंदा यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सत्ता के गलियारे में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि काशी विद्यापीठ वार्ड 31 की जिला पंचायत सदस्य पूनम मौर्या भाजपा की ओर से मैदान में उतर सकती हैं। दोनों प्रत्याशियों की अपनी साख है। बहरहाल, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित इस सीट पर चोलापुर वार्ड एक की जिंप सदस्य राधिका, पिंडरा वार्ड 9 से कंचन देवी, बड़ागांव वार्ड 12 से अर्चना, आराजीलाइन वार्ड वार्ड 22 से चमेली, इसी ब्लाक के वार्ड 23 से रेनू, आराजीलाइन वार्ड 28 से रोमा सिंह, काशी विद्यापीठ वार्ड 29 से सरिता देवी, इसी ब्लाक के वार्ड 34 से सरिता यादव, हरहुआ वार्ड 33 से प्रतिला देवी, इसी ब्लाक वार्ड 35 से पुष्पांजलि भी अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ सकती हैं। इन्हीं प्रत्याशियों पर पार्टियों को दांव लगाना होगा। अब किस पार्टी की कौन पसंद होगा, यह सब कुछ दिन में तय हो जाएंगे। फिलहाल, चुनाव में जीत की पटकथा लिखने के लिए ताना-बाना बुनने का काम अंतिम दौर में है। भाजपा इस सीट को किसी कीमत पर गंवाना नहीं चाहेगी। सपा कितनी दमदारी दिखा सकेगी, इसके लिए इंतजार करना होगा।

अपने अपने दावे

समाजवादी पार्टी के पास पहले से पंद्रह सदस्य जीत कर आए थे। चिरईगांव में एक और सीट विजय के बाद संख्या सोलह हो गई है। कांग्रेस व सुभासपा का समर्थन मिल रहा है। इससे उनके क्रमशः चार व दो सदस्य मिलने से संख्या बाइस हो जाएगी। जीत के लिए इक्कीस सदस्य ही होने चाहिए।

-सुजीत यादव लक्कड़, सपा जिलाध्यक्ष

जिला पंचायत की सरकार भाजपा की बनेगी। वर्तमान में भाजपा के अधिकृत समेत 27 सदस्य पक्ष में हैं। एक-दो दिनों में प्रदेश स्तर से प्रत्याशी की घोषणा होते ही तस्वीर साफ हो जाएगी। जिला अध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार की ही जीत होगी।

- हंसराज विश्वकर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी