चंदौली में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा और समाजवादी पार्टी में सीधी टक्कर

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा व सपा में अब सीधी टक्कर होगी। दोनों दलों से समर्थित प्रत्याशियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आरओ (रिटर्निंग अफसर) के समक्ष नामांकन दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। दोनों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 26 Jun 2021 07:11 PM (IST) Updated:Sat, 26 Jun 2021 07:11 PM (IST)
चंदौली में जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा और समाजवादी पार्टी में सीधी टक्कर
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा व सपा में अब सीधी टक्कर होगी।

चंदौली, जेएनएन। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा व सपा में अब सीधी टक्कर होगी। दोनों दलों से समर्थित प्रत्याशियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आरओ (रिटर्निंग अफसर) के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल कर दावेदारी पेश की। दोनों के नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। इस दौरान कलेक्ट्रेट में गहमागहमी का माहौल रहा। इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कई थानों की फोर्स व पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। 29 को नामांकन वापसी और तीन जुलाई को मतदान होगा।

जिला प्रशासन की ओर से नामांकन के लिए पहले तैयारी की गई थी। अपर जिलाधिकारी न्यायालय में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रत्याशी सुबह ही पार्टी कार्यालयों में पहुंच गए थे। यहां विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। सुबह लगभग 11 बजे भाजपा समर्थित दीनानाथ शर्मा ने चार सेट में नामांकन दाखिल किया। वहीं दोपहर लगभग 12 बजे सपा के तेजनारायण ने तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल कर अपनी दावेदारी पेश की। तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच हुई। इसमें सभी पर्चे वैध पाए गए। ऐसे में अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर होगी। मुख्य गेट पर ही प्रत्याशियों के समर्थकों को रोक दिया गया। प्रत्याशी, प्रस्तावक, जनप्रतिनिधियों व चंद पार्टी पदाधिकारियों को ही अंदर जाने दिया गया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भी गहमागहमी रही।

प्रत्याशियों के समर्थक व पार्टी कार्यकर्ता जुटे रहे। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होने की वजह से प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। सीओ राजवीर सिंह के नेतृत्व में सदर, सैयदराजा, अलीनगर समेत कई थानों की फोर्स तैनात रही। एसपी अमित कुमार ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, भाजपा की प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी मीना चौबे, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह, छत्रबली सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, राणा प्रताप सिंह, सूर्यमुनि तिवारी, शिवराज सिंह व अन्य मौजूद थे।

तीसरे प्रत्याशी का पर्चा खरीदना सिर्फ स्टंट

नियामताबाद ब्लाक के सेक्टर पांच से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य बबिता यादव ने नामांकन पत्र खरीदकर सनसनी फैला दी थी। उन्होंने दो दिन पहले ही नामांकन पत्र खरीदा था। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए त्रिकोणात्मक मुकाबला होने के आसार जताए जा रहे थे। हालांकि बबिता ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। ऐसे में माना जा रहा कि उनका पर्चा खरीदना सिर्फ चुनावी स्टंट था।

 

सपा के 12 तो भाजपा के आठ उम्मीदवार, निर्दलीय बनेंगे पतवार

जिला पंचायत चुनाव में सपा के सर्वाधिक 12 और भाजपा के आठ उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है। 10 पदों पर निर्दलियों के कब्जा है। यहां तक कि दोनों दलों की ओर से घोषित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़कर चुनाव जीता था। जिला पंचायत के 35 सेक्टरों में अध्यक्ष पद के लिए 18 सदस्यों के जादुई आंकड़े को पार करने के लिए दोनों दलों की नजर अब निर्दलियों पर टिक गई है। उन्होंने जिस पर भरोसा दिखाया। उसकी जीत तय है।

chat bot
आपका साथी