वाराणसी में कैंट स्‍टेशन के सामने पेट्रोलपंप पर फटा डीजल चैंबर वॉल्व, गैस से झुलस गया युवक

कैंट स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोलपंप पर सोमवार को सुबह 11 बजे डीजल चैंबर का वॉल्व फटने से अफरातफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से एक टैंकर का खलासी झुलस गया। कर्मचारियों की सहायता से उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 12:08 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 12:41 PM (IST)
वाराणसी में कैंट स्‍टेशन के सामने पेट्रोलपंप पर फटा डीजल चैंबर वॉल्व, गैस से झुलस गया युवक
सोमवार को सुबह 11 बजे डीजल चैंबर का वॉल्व फटने से अफरातफरी मच गई।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। कैंट स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोलपंप पर सोमवार को सुबह 11 बजे डीजल चैंबर का वॉल्व फटने से अफरातफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से एक टैंकर का खलासी झुलस गया। कर्मचारियों की सहायता से उसे मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि, हालात बिगड़ने से पहले ही उसपर काबू पा लिया गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। वहीं हादसे के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने पानी की ठंडी फुहार डालकर प्रेशर से बने तापक्रम को नियंत्रित किया तो स्थिति सामान्‍य हो गई। 

कैंट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने स्थित भारत पेट्रोलियम के मुसाराम शाह पेट्रोलपंप पर सुबह 11 बजे टैंकर से डीजल अनलोड करने की तैयारी चल रही थी। डीजल अनलोड करने से पहले टैंकर खलासी बिहार निवासी सुनील (34) चैंबर में डिप चेक करने गया। डीजल चैंबर का ढक्कन हटाते ही उसमें धमाका हुआ। गैस का अत्यधिक दबाव बढ़ने से चैंबर में लगा वॉल्व फट गया। इस दौरान अचानक गर्म गैस की तपिश से खलासी सुनील झुलस गया।

मौके पर मौजूद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्र की सहायता से आग लगने की संभावना को नाकाम कर दिया। स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को भी दी गई। सुनिल को फौरन मंडलीय अस्पताल भेजा गया। पेट्रोलपंप प्रबंधक मालवीय विनीत ने बताया कि डीजल चैंबर का वॉल्व फटने से हादसा हुआ है। हालांकि, समय रहते बचाव कार्य किया गया। इसकी वजह से कोई बड़ी अनहोनी या क्षति नहीं पहुंची है। जबकि इस आशय की सूचना संबंधित अधिका‍रियों को भी दे दी गई है। 

chat bot
आपका साथी