वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, बोले - 'लोकतंत्र का गला घोंट रही है भाजपा सरकार'

शनिवार को कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी वाराणसी में थे। इस दौरान उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग बैठक कर परिचर्चा की। पार्टी की नीतियों और चुनावी तैयारियों पर मंथन करने के साथ ही चुनाव जिताऊ चेहरों पर भी मंथन किया।

By Abhishek SharmaEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 02:58 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 02:58 PM (IST)
वाराणसी पहुंचे कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी, बोले - 'लोकतंत्र का गला घोंट रही है भाजपा सरकार'
प्रमोद तिवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग बैठक कर परिचर्चा की।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी शनिवार को वाराणसी में थे। इस दौरान उन्‍होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग बैठक कर परिचर्चा की। पार्टी की नीतियों और चुनावी तैयारियों पर मंथन करने के साथ ही चुनाव जिताऊ चेहरों पर भी मंथन किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि- भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। संविधान का उल्लंघन कर रही है। विपक्षी दलों को आवाज उठाने नहीं दे रही है। हमारे पूर्वज अंग्रेजों से आजादी के लिए लड़ाई लड़े। आज हम लोगों को भाजपा सरकार से आजादी के लिए लड़ाई लड़ना पड़ रहा है। इस क्रम में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस के सिपाही एक नवंबर तक प्रतिज्ञा यात्रा निकलेंगे।

आजादी के वक़्त बनारस ने देश को अपनी शैक्षणिक, धार्मिक और राजनैतिक शक्ति के बल पर दिशा दिया था। काशी की इसी महत्ता को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत के लिए काशी को चुना है। बनारस की गलियों को देखकर मुझे बड़ा अफसोस हो रहा है कि पीएम मोदी ने बनारस को खत्म कर दिया। प्राचीन मंदिरों और देव प्रतिमाओं को तोड़कर हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उपरोक्त बातें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने शनिवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने प्रतिज्ञा यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि कांग्रेस सात वचनों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरेगी। जिसमें बेटियों को स्वावलंबी बनाने के लिए स्मार्ट फोन, इलेक्ट्रिक स्कूटी, 20 लाख सरकारी नौकरी, संविदाकर्मियों को नियमित, कांट्रैक्ट व्यवस्था खत्म करने, किसानों का कर्ज माफ करने, बिजली बिल हाफ करने, गेहूं-धान समर्थन मूल्य 25 सौ, गन्ने का दाम चार सौ करने का वचन शामिल है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश जिस हालात से गुजर रहा है वह किसी से छुपा नहीं है। कांग्रेसजन किसानों, महिलाओं, युवाओं, तथा संवैधानिक मूल्यों और स्थापनाओं की रक्षा के लिए जो लड़ाई लड़ रहे हैं वह आज़ादी की दूसरी लड़ाई के समान है। विपक्ष आज हिंदुस्तान बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। इससे पूर्व उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर, बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ दरबार, बाबा काल भैरव दरबार में मत्था टेका। पत्रकार वार्ता के बाद उन्होंने मैदागिन स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत की।

यात्रा के बीच में बाबा कीनाराम आश्रम में मत्था टेकते हुए यात्रा कर्मदेश्वर महादेव पहुंची। यहां दर्शन पूजन के बाद यात्रा रामेश्वर महादेव पहुंची। यहां भी बाबा के दर्शन के बाद यात्रा बसनी होते हुए चंदौली रवाना हो गई। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से प्रतिज्ञा यात्रा की अनुमति नहीं दी गई थी। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने प्रतिज्ञा यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय, एमएलसी दीपक सिंह, भगवती चौधरी, विभाकर शास्त्री, नदीम जावेद, बाजीराव खाड़े, बीपी सिंह, शैलेंद्र सिंह, डा. प्रमोद पाण्डेय, मकसूद खां, राजेश्वर पटेल, राघवेंद्र चौबे, मनीष चौबे, प्रमोद वर्मा, डा. जितेंद्र सेठ, विपिन मेहता थे।

पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस सरकार में जो भी जनता की आवाज उठाता है उसको गिरफ्तार या नजरबंद कर दिया जाता है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता हर कुनीतियों के खिलाफ वोट करेगी। इससे पहले उन्होंने लोहटिया स्थिति बड़ा गणेश मंदिर, बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ, बाबा काल भैरव मंदिर में किया दर्शन पूजन किया। पत्रकारों को संबोधित करने के बाद टाउनहॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके कांग्रेसियों ने प्रतिज्ञा यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक अजय राय, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, शैलेंद्र सिंह, मनीष मोरोलिया, प्रमोद वर्मा, डा. जितेंद्र सेठ, ओपी ओझा सहित अन्य कांग्रेसी नेता रहे।

chat bot
आपका साथी